जशपुर। सन्ना थाना क्षेत्र के ग्राम महुआ कापुटोली में एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है, जहां एक बेटे ने पारिवारिक विवाद के दौरान अपनी ही मां की बेरहमी से पिटाई कर दी। इलाज के दौरान मां की मौत हो गई। पुलिस ने आरोपी बेटे को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है।
पुलिस की जानकारी अनुसार घटना 21 अक्टूबर 2025 की है। प्रार्थी सुलेंद्र राम (27 वर्ष), निवासी ग्राम महुआ कापुटोली ने थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई कि दोपहर करीब 2 से 3 बजे के बीच जब वह खेत में घास काट रहा था, तभी घर के पास झगड़े की आवाज सुनाई दी। वह घर लौटा तो गांव की एक लड़की ने बताया कि सुंदर साय (21 वर्ष) अपनी मां गेंदी बाई (60 वर्ष) को गंदी गालियां देते हुए जान से मारने की धमकी देकर लात-मुक्कों से पीट रहा है।
प्रार्थी गांव के लोगों को लेकर मौके पर पहुंचा तो गेंदी बाई के सिर और चेहरे में गंभीर चोटें थीं। तुरंत उन्हें शासकीय अस्पताल सन्ना ले जाया गया, जहां से हालत गंभीर होने पर उन्हें जिला अस्पताल जशपुर और फिर डीकेएस अस्पताल रायपुर रेफर किया गया। इलाज के दौरान कोई सुधार नहीं हुआ, इसलिए उन्हें अंबिकापुर लाया जा रहा था, लेकिन रास्ते में ही 01 नवम्बर 2025 को उनकी मौत हो गई।
घटना की सूचना पर पुलिस ने तत्काल मर्ग दर्ज कर जांच शुरू की। पोस्टमार्टम रिपोर्ट में यह स्पष्ट हुआ कि गेंदी बाई की मौत शरीर में आई चोटों के कारण हत्यात्मक थी। इसके बाद थाना सन्ना में आरोपी बेटे सुंदर साय के खिलाफ बीएनएस की धारा 296, 351(2), 115(2) व 103(1) के तहत अपराध दर्ज किया गया।
पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी को हिरासत में लिया। पूछताछ में आरोपी ने अपराध स्वीकार किया। साक्ष्य मिलने पर उसे गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया।
इस कार्रवाई में थाना प्रभारी सन्ना उप निरीक्षक संतोष कुमार सिंह, आरक्षक अंबुज सिंह, प्रवीण खलखो एवं बिंदेश्वर की महत्वपूर्ण भूमिका रही।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक जशपुर शशि मोहन सिंह ने बताया कि, “यह एक दुखद पारिवारिक घटना है। पुलिस ने आरोपी बेटे को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया है। ऐसे मामलों में कड़ी कानूनी कार्रवाई की जाएगी।”

