पति की हत्या कर शव को सूटकेस में भरकर फरार हुई पत्नी

पत्नी पर हत्या का शक,तलाश तेज

सुटकेश में लाश

जशपुर। थाना दुलदुला क्षेत्र के ग्राम भिंजपुर में एक दिल दहला देने वाला मामला सामने आया है, जहां एक व्यक्ति की लाश उसके ही घर में रखे बड़े लाल ट्रॉली सूटकेस में बंद मिली। पुलिस ने प्रथम दृष्ट्या इसे हत्या का मामला मानते हुए मृतक की पत्नी को मुख्य आरोपिया चिन्हित किया है। आरोपिया फरार है और उसकी तलाश सरगर्मी से की जा रही है।

पुलिस के जानकारी के मुताबिक घटना की रिपोर्ट मृतक के बड़े भाई विनोद मिंज (45) ने थाने में दर्ज कराई। उनके अनुसार मृतक संतोष भगत (43) अपनी पत्नी के साथ गांव में अलग रहता था। उनकी तीनों बेटियों की शादी हो चुकी है और वे बाहर रहती हैं। आरोपी पत्नी कुछ महीने पहले मुंबई से गांव लौटी थी।

7 नवंबर की शाम पति-पत्नी के बीच जोरदार विवाद हुआ। झगड़े के दौरान आरोपिया ने कोरबा में रहने वाली अपनी मंझली बेटी को फोन लगाया और फोन के दूसरी तरफ उसे माता-पिता की लड़ाई की आवाजें सुनाई दीं। कुछ देर में फोन डिस्कनेक्ट हो गया।

अगले दिन यानी 8 नवंबर को आरोपिया ने अपनी मंझली बेटी को फोन कर बताया कि उसने अपने पति की हत्या कर दी है और शव को कंबल में लपेटकर सूटकेस में भर दिया है। बेटी घबरा गई और 9 नवंबर को अपने पति के साथ गांव पहुंचकर बड़े पिताजी को पूरी बात बताई।

सूचना मिलने पर दुलदुला पुलिस मौके पर पहुंची। घर की तलाशी के दौरान पुलिस को बड़ा लाल रंग का ट्रॉली बैग मिला। गवाहों की मौजूदगी में बैग खोलने पर अंदर से संतोष भगत का शव बरामद हुआ, जो कंबल से ढंका हुआ था। पुलिस ने तुरंत पंचनामा कर शव का पोस्टमार्टम कराया।

इस संबंध में थाना दुलदुला में बीएनएस की धारा 103(1) के तहत हत्या का मामला दर्ज किया गया है। आरोपिया फरार है और पुलिस ने उसकी खोज के लिए टीम महाराष्ट्र भेजी है।

वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक जशपुर शशि मोहन सिंह ने बताया कि हत्या के कारणों का खुलासा आरोपिया की गिरफ्तारी के बाद ही संभव होगा। पुलिस लगातार उसकी लोकेशन ट्रैक करने और गिरफ्तारी के लिए प्रयासरत है।

Back To Top