जंगली सुअर का अवैध शिकार करने वाले सात आरोपी गिरफ्तार

वन विभाग की त्वरित कार्रवाई, आरोपियों को भेजा जेल

धमतरी, 13 नवम्बर 2025।धमतरी वनमंडल अंतर्गत उत्तर सिंगपुर वन परिक्षेत्र में वन विभाग की टीम ने जंगली सुअर के अवैध शिकार में संलिप्त सात व्यक्तियों को गिरफ्तार किया है। यह कार्रवाई वनगश्ती दल को मिली गोपनीय सूचना के आधार पर की गई।

प्राप्त जानकारी के अनुसार ग्राम मूलगांव निवासी चित्रसेन भागवत कंवर (33 वर्ष), घांसीराम गोंड़, इन्दुराम गोंड़, कृष्णकुमार गोंड़, ओमप्रकाश गोंड़, परमानंद कंवर एवं रामकुमार नेताम को अनुसूची-III के वन्यप्राणी जंगली सुअर का शिकार कर उसका मांस पकाते एवं विक्रय हेतु तैयार करते हुए पकड़ा गया। मौके से टीम ने चाकू, कुल्हाड़ी, पैसूल सहित अन्य उपकरण जब्त किए।

वन्यप्राणी संरक्षण अधिनियम, 1972 की प्रासंगिक धाराओं के तहत अपराध पंजीबद्ध कर सभी आरोपियों को गिरफ्तार किया गया। उन्हें न्यायालय प्रथम श्रेणी व्यवहार न्यायालय कुरूद में पेश किया गया, जहां से सभी को न्यायिक अभिरक्षा में जिला जेल धमतरी भेज दिया गया।

जिला वनमंडलाधिकारी जाधव श्रीकृष्णा ने टीम को इस सफल कार्रवाई के लिए बधाई दी और कहा,

वन्यप्राणियों के संरक्षण एवं वन अपराधों की रोकथाम में विभाग की तत्परता सराहनीय है।”

उन्होंने आम नागरिकों से अपील की कि यदि किसी को वन्यप्राणी अपराध की जानकारी मिले तो तत्काल वन विभाग को सूचित करें। सूचना देने वाले का नाम गोपनीय रखा जाएगा और उपयुक्त सूचना देने वालों को सम्मानित किया जाएगा।

यह कार्रवाई संयुक्त वनमंडलाधिकारी मनोज विश्वकर्मा के निर्देशन में परिक्षेत्र अधिकारी पंचराम साहू, प्रशिक्षु वनक्षेत्रपाल रेणुका कुरेटी, उपवनक्षेत्रपाल मुकुंदराव वाहने, वनरक्षक चुरामन लाल पटेल एवं वन चौकीदार भुनेश्वर ध्रुव की टीम द्वारा की गई।

Back To Top