दुर्ग पुलिस ने धान खरीदी केंद्रों में पोस्टर लगाकर बढ़ाई जागरूकता
दुर्ग। धान खरीदी सीजन में किसानों की आर्थिक सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए दुर्ग पुलिस द्वारा व्यापक जागरूकता अभियान शुरू किया गया है। एस पी विजय अग्रवाल के निर्देश में किसानों को साइबर अपराध और उठाईगिरी से बचाने के लिए पोस्टर, घोषणाएँ और जनसंदेश जारी किए जा रहे हैं। पुलिस का उद्देश्य है कि किसी भी किसान की मेहनत की कमाई पर अपराधियों की नजर न पड़े।
एस पी अग्रवाल ने कहा धान खरीदी का समय वह अवधि है जब किसानों के खातों में पूरे साल की मेहनत की राशि जमा होती है। ऐसे समय में अपराधी सक्रिय हो जाते हैं। इसलिए दुर्ग पुलिस सभी किसानों और नागरिकों से अपील करती है कि सतर्क रहें और किसी भी संदिग्ध गतिविधि की तुरंत सूचना दें।
सुरक्षा संबंधी महत्वपूर्ण निर्देश
1. बैंक में केवल अधिकृत कर्मचारी से सहायता लें।
पैसे जमा या निकालते समय अपनी जानकारी किसी अनजान व्यक्ति को न दें।
2. नोटों की गिनती केवल बैंक के अंदर करें।
बाहर गिनती करने पर उठाई गिरोह का खतरा बढ़ जाता है।
3. बैंक आते-जाते समय पैसों को सुरक्षित रखें।
पैसा बैग में शरीर से सटाकर रखें, खुले में न दिखाएँ।
4. बैंक जाते समय किसी भरोसेमंद व्यक्ति को साथ रखें।
किसी भी संदिग्ध व्यक्ति को देखकर तुरंत कंट्रोल रूम 112 या 9479192099 पर सूचना दें।
5. शक होने पर सीधे थाने जाएँ, घर न जाएँ।
पीछा करने या घूरने जैसे हालात में तुरंत पुलिस सहायता लें।
6. नकदी को गाड़ी की डिक्की में न रखें।
अपराधी डिक्की का ताला आसानी से तोड़ लेते हैं।
7. पैसे निकालकर सीधे घर जाएँ, रास्ते में न रुकें।
खरीदारी या चाय के लिए रुकने पर चोरी की संभावना बढ़ जाती है।
8. बैंक विवरण, राशि, निकासी की जानकारी किसी को न बताएं।
9. OTP, PIN, UPI पासवर्ड किसी से साझा न करें।
बैंक कभी भी OTP नहीं मांगता — ऐसा कॉल 100% फ्रॉड होता है।
10. अनजान लिंक, लॉटरी, इनाम या KYC वाले संदेशों पर विश्वास न करें।
KYC हमेशा बैंक शाखा में ही कराएं।
11. AI आवाज़ वाले धोखे और डिजिटल गिरफ्तारी से सावधान रहें।पुलिस कभी फोन पर गिरफ्तारी नहीं करती।


