•यह उच्च-स्तरीय फोरम 4–5 दिसंबर को नई दिल्ली में आयोजित
• रूस के राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन और भारत के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी होंगे शामिल
रायपुर, 25 नवंबर 2025।छत्तीसगढ़ के औद्योगिक क्षेत्र के लिए गर्व का विषय है कि रेफ्राकास्ट मेटलर्जिकल्स प्राइवेट लिमिटेड के डॉ. अभिषेक पांडे को रूस–भारत समिट 2025 के दौरान आयोजित होने वाले रूस–इंडिया फोरम में आधिकारिक आमंत्रण प्राप्त हुआ है। उल्लेखनीय है कि पूरे छत्तीसगढ़ से एकमात्र प्रतिनिधि के रूप में यह सम्मान उन्हें मिला है। यह उच्च-स्तरीय फोरम 4–5 दिसंबर को नई दिल्ली में होगा, जिसमें रूस के राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन और भारत के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी स्वयं शामिल होंगे।
फोरम का आयोजन रूस की प्रतिष्ठित संस्था Roscongress Foundation द्वारा किया जा रहा है, जो अंतरराष्ट्रीय आर्थिक सम्मेलनों के आयोजन के लिए जानी जाती है। इस कार्यक्रम में दोनों देशों के शीर्ष सरकारी अधिकारी, नीति-निर्माता, निवेशक, उद्योगपति और व्यापारिक संगठन व्यापक रूप से भाग लेंगे।
फोरम के प्रमुख विषय
फोरम में भारत–रूस आर्थिक सहयोग को नई दिशा देने पर विशेष जोर होगा। मुख्य विषय इस प्रकार हैं—
द्विपक्षीय व्यापार बढ़ाना
•रूसी बाजारों में भारतीय उत्पादों की उपस्थिति मजबूत करना
•भुगतान तंत्र एवं वित्तीय अवसंरचना को सुगम बनाना
•लॉजिस्टिक्स एवं सप्लाई-चेन सुधार
•तकनीकी सहयोग एवं औद्योगिक निवेश
•क्षेत्रीय विकास और रणनीतिक साझेदारी
•डॉ. पांडे का अंतरराष्ट्रीय अनुभव
रेफ्राकास्ट मेटलर्जिकल्स के लिए यह आमंत्रण वैश्विक स्तर पर उसकी विश्वसनीयता का मजबूत संकेत माना जा रहा है। डॉ. पांडे हाल ही में अक्टूबर 2025 में रूस के कालनिनग्राद में आयोजित त्रि-राष्ट्र व्यापार संवाद में भारतीय प्रतिनिधिमंडल का हिस्सा रहे.इससे पहले मॉस्को में आयोजित ब्रिक्स आर्थिक फोरम में भी कंपनी का प्रतिनिधित्व कर चुके हैं.उनके अनुभव को देखते हुए उम्मीद है कि भारत–रूस तकनीकी सहयोग, निवेश, और व्यापारिक संबंधों में नए अवसर खुलेंगे।
कंपनी की प्रतिक्रिया
रेफ्राकास्ट मेटलर्जिकल्स ने इसे अंतरराष्ट्रीय सहभागिता की दिशा में एक महत्वपूर्ण उपलब्धि बताया है। कंपनी पिछले तीन दशकों से—उन्नत धातुकर्म तकनीक,स्पेंट-कैटेलिस्ट रीसाइक्लिंग,शून्य-कचरा औद्योगिक समाधान, टिकाऊ सामग्री प्रबंधन और नवाचार,जैसे क्षेत्रों में काम करती रही है। कंपनी का कहना है कि फोरम में डॉ. पांडे की उपस्थिति से उसके वैश्विक सहयोग के द्वार और विस्तृत होंगे।
प्लेनरी सेशन में विश्वस्तरीय नेतृत्व की मौजूदगी
फोरम का सबसे अहम आकर्षण प्लेनरी सेशन होगा, जिसमें राष्ट्रपति पुतिन और प्रधानमंत्री मोदी दोनों मौजूद रहेंगे। इसमें व्यापार, ऊर्जा, उद्योग, तकनीक और निवेश संबंधी रणनीतिक मुद्दों पर उच्च-स्तरीय चर्चा प्रस्तावित है।
राज्य के लिए गौरव का क्षण
डॉ. अभिषेक पांडे का चयन न केवल एक व्यक्तिगत उपलब्धि है, बल्कि छत्तीसगढ़ के औद्योगिक कौशल, नवाचार क्षमता और वैश्विक प्रतिस्पर्धा का भी महत्वपूर्ण प्रतिनिधित्व करता है। फोरम में उनकी भागीदारी से भारत–रूस आर्थिक साझेदारी को नई गति मिलने की उम्मीद है।

