
रायपुर। तिल्दा-नेवरा क्षेत्र के सैनिक ग्राम तुलसी (मानपुर) में ग्राम के माटीपुत्र और कारगिल युद्ध के वीर आलोक वर्मा सूबेदार मेजर पद से सेवानिवृत्त होकर अपने गृह ग्राम पहुँचे। उनके स्वागत में ग्रामीणों के साथ कुल 14 पूर्व सैनिकों ने मिलकर सलामी दी और भव्य सम्मान समारोह आयोजित किया।
आलोक वर्मा वर्ष 1994 में भारतीय सेना में भर्ती हुए थे और उन्होंने कारगिल युद्ध, ऑपरेशन पराक्रम, जम्मू–कश्मीर में 10 वर्ष की काउंटर इंटेलिजेंस ड्यूटी तथा 2 वर्ष की ग्लेशियर सेवा सहित कुल 31 वर्ष राष्ट्र सेवा को समर्पित किए।
समारोह में पूर्व सैनिक परिषद के सदस्यों द्वारा उन्हें साल, श्रीफल व मोमेंटो भेंट कर सम्मानित किया गया। कार्यक्रम में शिक्षाविद् दानीराम वर्मा की पुस्तक ‘सावधान भारत’ का विमोचन मुख्य अतिथि डॉ. टोपलाल वर्मा द्वारा किया गया।
कार्यक्रम के दौरान पीपल का पौधा रोपकर पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया गया, तथा सभी उपस्थित लोगों को प्रकृति संवर्द्धन का संकल्प दिलाया गया।
आलोक वर्मा ने अपने सैन्य अनुभव साझा करते हुए युवाओं को अग्निवीर योजना में जुड़ने के लिए प्रेरित किया। पूर्व सैनिक परिषद ने बताया कि तिल्दा के रजिया केंद्र में युवाओं को निःशुल्क प्रशिक्षण दिया जा रहा है और जल्द ही कोहका सर्वे में नया प्रशिक्षण केंद्र शुरू होगा।

