पंथी नृत्य के साथ सिहावा से कैटतराई तक निकाली जाएगी रैली
धमतरी।सिहावा क्षेत्र के ग्राम कैटतराई में संत शिरोमणि गुरु घासीदास बाबा के नव-निर्मित मंदिर में गुरु गद्दी स्थापना समारोह का आयोजन 15 दिसंबर 2025, सोमवार को किया जाएगा। इस पावन अवसर पर बड़ी संख्या में संतजन एवं श्रद्धालुओं के शामिल होने की संभावना है।
चैन सिंह गहने ने जानकारी देते हुए बताया कि कार्यक्रम की शुरुआत दोपहर 1 बजे धर्मगुरु सौरभ साहेब के सिहावा आगमन से होगी। इसके पश्चात दोपहर 1:15 बजे से 2 बजे तक पंथी पार्टी द्वारा सिहावा से कैटतराई तक रैली निकाली जाएगी। इसके अलावा हरदीभाठा, पाईकभाठा एवं देवपुर से भी पंथी पार्टी द्वारा रैली आयोजित की जाएगी।
मुख्य कार्यक्रम के तहत दोपहर 3 बजे विधिवत गुरु गद्दी स्थापना की जाएगी। वहीं सायं 5 बजे से सतनाम गुरुवाणी उपदेश का आयोजन होगा। कार्यक्रम में श्रद्धालुओं के लिए सतनाम प्रसादी (भोजन) की भी व्यवस्था की गई है। जगत मनारे सतनामी अध्यक्ष कैटतराई ने समस्त सतनामी समाज एवं आम नागरिकों से इस धार्मिक आयोजन में उपस्थित होकर कार्यक्रम को सफल बनाने की अपील की है।
इस आयोजन में विष्णु टंडन (ब्लॉक अध्यक्ष), भगत मनहरे (ब्लॉक कोषाध्यक्ष), घनानंद सोनवानी (ब्लॉक सचिव) सहित बड़ी संख्या में सामाजिक पदाधिकारी, कार्यकर्ता एवं समस्त सतनामी समाज ग्राम कैटतराई, सिहावा ब्लॉक नगरी, जिला धमतरी (छ.ग.) के लोग शामिल रहेंगे।

