खुद को डॉ• बताकर ईलाज के बहाने किया दुष्कर्म


जशपुर। थाना कांसाबेल क्षेत्रांतर्गत युवती से दुष्कर्म करने के मामले में पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया है।

आरोपी राम प्रताप सिंह (31 वर्ष) युवती को इलाज के बहाने अंबिकापुर से जशपुर ला रहा था। इसी दौरान रास्ते में जंगल में ले जाकर उसने युवती के साथ जबरन दुष्कर्म की घटना को अंजाम दिया।

दिनांक 15.12.2025 को अंबिकापुर निवासी 31 वर्षीय युवती ने थाना कांसाबेल में रिपोर्ट दर्ज कराई। प्रार्थिया ने बताया कि वह घरेलू कार्य करती है। लगभग एक वर्ष पूर्व अंबिकापुर में आयोजित आयुर्वेदिक डॉक्टरों की एक बैठक के दौरान उसकी मुलाकात आरोपी राम प्रताप सिंह से हुई थी, जिसने स्वयं को आयुर्वेदिक डॉक्टर बताया था। पैर में दर्द की समस्या को लेकर दोनों के बीच बातचीत होती रहती थी।

दिनांक 14.12.2025 को आरोपी ने युवती को फोन कर बताया कि उसके वरिष्ठ डॉक्टर जशपुर आ रहे हैं और वहां बेहतर इलाज हो जाएगा। आरोपी की बातों में आकर युवती उसके साथ मोटर सायकल से जशपुर जाने के लिए निकली।

कांसाबेल से कुछ दूरी पर जंगल में आरोपी ने लघुशंका का बहाना बनाकर मोटर सायकल रोकी। इसी दौरान आरोपी ने युवती को जबरन झाड़ियों में ले जाकर उसके साथ दुष्कर्म किया और घटना के संबंध में किसी को न बताने की धमकी दी।

इसके बाद आरोपी युवती को जशपुर की ओर ले जा रहा था। रास्ते में कुनकुरी के पास एक होटल पर युवती ने गर्म पानी पीने का बहाना बनाया। आरोपी के फोन पर व्यस्त होने का फायदा उठाकर युवती ने होटल संचालक को आपबीती बताई। होटल संचालक ने तत्काल पुलिस को सूचना दी।

सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और युवती को आरोपी के कब्जे से मुक्त कराते हुए आरोपी को हिरासत में लिया। चूंकि घटना स्थल थाना कांसाबेल क्षेत्रांतर्गत था, इसलिए प्रकरण को कांसाबेल थाने में स्थानांतरित किया गया।

पीड़िता की रिपोर्ट पर थाना कांसाबेल में आरोपी के विरुद्ध बीएनएस की धारा 64(1) के तहत अपराध पंजीबद्ध कर विवेचना प्रारंभ की गई। पीड़िता का चिकित्सकीय परीक्षण भी कराया गया।

पूछताछ के दौरान आरोपी द्वारा अपराध स्वीकार करने एवं पर्याप्त साक्ष्य पाए जाने पर उसे विधिवत गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से घटना में प्रयुक्त होंडा मोटर सायकल क्रमांक CG-30-G-5415 को भी जप्त किया है।

इस कार्रवाई में थाना प्रभारी कांसाबेल निरीक्षक जितेंद्र ताम्रकार, सहायक उप निरीक्षक नीता कुर्रे, प्रधान आरक्षक नारायण सिंह, आरक्षक शिवनंदन भगत एवं नगर सैनिक जोगेंद्र यादव की महत्वपूर्ण भूमिका रही।

Back To Top