परीक्षा केवल मूल्यांकन नहीं , यह विद्यार्थियों की सीख को मजबूत करने का अवसर :सभापति रीना पेद्दी



सुकमा . जनपद पंचायत सुकमा की उपाध्यक्ष एवं शिक्षा समिति की सभापति रीना पेद्दी की अध्यक्षता में स्थायी शिक्षा समिति की बैठक आयोजित की गई। बैठक में विकासखंड अंतर्गत सर्व संकुल समन्वयकों एवं पोटाकेबिन अधीक्षकों के साथ शिक्षा व्यवस्था की समीक्षा की गई।
बैठक को संबोधित करते हुए सभापति श्रीमती रीना पेद्दी ने कहा कि राज्य एवं केंद्र सरकार शिक्षा के स्तर को सुदृढ़ करने के लिए लगातार योजनाएं बनाकर कार्य कर रही हैं। उन्होंने स्पष्ट किया कि सुकमा विकासखंड में मध्यान्ह भोजन की गुणवत्ता से किसी भी प्रकार का समझौता नहीं किया जाएगा। बच्चों को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा उपलब्ध कराना प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है।
उन्होंने कहा कि परीक्षा केवल मूल्यांकन का माध्यम नहीं है, बल्कि यह विद्यार्थियों की सीख को मजबूत करने का अवसर भी होती है। वार्षिक परीक्षा विद्यार्थियों के भविष्य से जुड़ी होती है, इसलिए इसकी तैयारियों में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
बैठक में शिक्षा समिति सदस्य दशरथ नायक, ज्योति मुचाकी, विकासखंड शिक्षा अधिकारी शैलेन्द्र सिंह भदौरिया, बीआरसी दीपक बारसे, संकुल समन्वयक लोकेन्द्र नायक, लक्ष्मी यादव, गीता सोड़ी, दुलार चेरपा, सुरेश कश्यप, अल्बर्ट टोप्पो सहित समस्त पोटाकेबिन अधीक्षक एवं शिक्षा विभाग के अधिकारी-कर्मचारी उपस्थित रहे।

Back To Top