वाहन चेकिंग के दौरान ट्रक से मिला 1198.460 किलों गांजा

बलरामपुर। बलरामपुर पुलिस ने मादक पदार्थों के अवैध परिवहन के विरुद्ध बड़ी कार्रवाई करते हुए करीब 6 करोड़ रुपये मूल्य का गांजा जब्त किया है। गांजा एक टाटा ट्रक में नारियल भूसी के भीतर छिपाकर छत्तीसगढ़ से उत्तर प्रदेश ले जाया जा रहा था।
यह कार्रवाई पुलिस महानिरीक्षक सरगुजा रेंज दीपक कुमार झा (भा.पु.से.) के मार्गदर्शन एवं पुलिस अधीक्षक बलरामपुर वैभव बैंकर (भा.पु.से.) के नेतृत्व में की गई। कार्रवाई में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक विश्वदीपक त्रिपाठी तथा एसडीओपी वाड्रफनगर रामअवतार ध्रुव का निर्देशन रहा।
छत्तीसगढ़–उत्तर प्रदेश बॉर्डर चेक पोस्ट धनवार पर 28 दिसंबर 2025 की दरम्यानी रात थाना बसंतपुर पुलिस को विश्वसनीय मुखबिर से सूचना मिली कि टाटा ट्रक क्रमांक RJ 32 GE 0960 में नारियल भूसी की आड़ में गांजा ले जाया जा रहा है। सूचना के आधार पर निरीक्षक जितेंद्र सोनी, थाना प्रभारी बसंतपुर, पुलिस टीम व गवाहों के साथ मौके पर पहुंचे और वाहन की तलाशी ली।
तलाशी के दौरान ट्रक के डाले में नारियल भूसी के भीतर भूरे रंग के टेप से लिपटे 40 पैकेट गांजा, कुल वजन 1198.460 किलोग्राम, जिसकी अनुमानित कीमत 5 करोड़ 99 लाख रुपये बताई गई, बरामद की गई। साथ ही घटना में प्रयुक्त टाटा ट्रक (कीमत लगभग 25 लाख रुपये) को भी जप्त किया गया।
वाहन चालक ने अपना नाम अम्रीश कुमार (23 वर्ष), निवासी रायबरेली (उ.प्र.) बताया। उसके साथ मौजूद अन्य आरोपियों की पहचान अम्बरीश कुमार पटेल (33 वर्ष), निवासी लखनऊ (उ.प्र.) एवं मनीष कुमार (20 वर्ष), निवासी अमेठी (उ.प्र.) के रूप में हुई।
पुलिस ने तीनों आरोपियों के विरुद्ध थाना बसंतपुर में अपराध क्रमांक 228/2025, धारा 20(बी)(ii)(सी) एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज कर उन्हें गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया है।

