गरियाबंद में ओपेरा के नाम पर अश्लील डांस , वीडियो वायरल

सामाजिक मर्यादाओं को ठेस पहुंचाने के मामले में चार युवकों पर अपराध दर्ज


गरियाबंद।देवभोग क्षेत्र में ओपेरा की आड़ में कथित रूप से अश्लील डांस का आयोजन कर सामाजिक मर्यादाओं को ठेस पहुंचाने के मामले में पुलिस ने चार युवकों के खिलाफ अपराध पंजीबद्ध किया है। देवभोग पुलिस ने कार्रवाई करते हुए आयोजन को एक दिन पहले ही बंद करा दिया था और टेंट भी हटवा दिया गया था।
बताया जा रहा है कि आयोजन के दौरान अश्लील डांस में “चांस मारते” हुए युवकों का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हुआ, जिसके बाद पूरे मामले ने तूल पकड़ लिया। वायरल वीडियो में दो पुलिसकर्मी भी नजर आए, जिन्हें प्राथमिक जांच के बाद लाइन अटैच कर दिया गया है।
जानकारी के अनुसार, इस आयोजन की अनुमति मैनपुर एसडीएम द्वारा दी गई थी। आरोप है कि अनुमति के बावजूद कार्यक्रम के दौरान खुलेआम अश्लील डांस होता रहा। इतना ही नहीं, वायरल वीडियो में कथित रूप से एसडीएम की मौजूदगी में कार्यक्रम चलते रहने और वीडियो बनाते हुए “मजा लेते” दिखाई देने के आरोप भी लगाए जा रहे हैं। वहीं, कुछ लोग खुद को एसडीएम का सहयोगी बताकर मंच के पास पैसे लुटाते नजर आ रहे हैं।
वीडियो वायरल होने के बाद पुलिस प्रशासन हरकत में आया और आयोजकों के खिलाफ मामला दर्ज किया गया। हालांकि, यह भी सवाल उठ रहा है कि जब आयोजन पहले से विवादास्पद था, तब मौके पर मौजूद प्रशासनिक अधिकारियों द्वारा तत्काल कार्रवाई क्यों नहीं की गई।
फिलहाल, जिला प्रशासन इस पूरे मामले पर चुप्पी साधे हुए है। सबसे बड़ा सवाल यह है कि जिन एसडीएम की मौजूदगी में कथित रूप से अश्लील आयोजन चलता रहा, उनके खिलाफ अब तक कोई ठोस कार्रवाई क्यों नहीं हुई।
मामले को लेकर क्षेत्र में चर्चाओं का बाजार गर्म है और लोग निष्पक्ष जांच व जिम्मेदार अधिकारियों पर कार्रवाई की मांग कर रहे हैं। पुलिस का कहना है कि वायरल वीडियो और उपलब्ध तथ्यों के आधार पर जांच जारी है और जांच के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।

Back To Top