by. चैन सिंह गहने
धमतरी। विकासखंड नगरी अंतर्गत उपतहसील बेलरगांव के ग्राम घुटकेल स्थित धान उपार्जन केंद्र में टोकन नहीं कटने के कारण किसानों को धान बेचने से वंचित होना पड़ रहा था। इससे क्षेत्र के 42 किसान गंभीर संकट में आ गए थे। किसानों का कहना था कि लेम्पस में उनका कर्ज भी बकाया है और यदि टोकन काटकर धान खरीदी नहीं की गई तो वे आर्थिक रूप से पूरी तरह टूट जाएंगे।
आक्रोशित किसानों ने प्रशासन के समक्ष मांग रखी कि टोकन काटकर तत्काल धान खरीदी की जाए, अन्यथा वे सामूहिक आत्महत्या करने को मजबूर होंगे, जिसकी संपूर्ण जिम्मेदारी शासन-प्रशासन की होगी।
मामले की गंभीरता को देखते हुए नगरी एसडीएम प्रीति दुर्गम ने किसी भी प्रकार की अनहोनी न हो, इसके लिए तत्काल अपने वरिष्ठ अधिकारियों को अवगत कराया। इसके बाद प्रशासन द्वारा किसानों का टोकन काटकर धान खरीदी करने का निर्णय लिया गया।
बोराई क्षेत्र के आठ गांवों के किसानों का टोकन काटकर धान खरीदी किए जाने की सूचना मिलते ही किसानों ने राहत की सांस ली।
इस दौरान मौके पर सोनराज वट्टी (जनपद सदस्य), सरपंच सुरेंद्र नेताम, वीरेंद्र यादव, खिलेश कुमार लहरे, तहसीलदार नरेंद्र कुमार सिंह, थाना प्रभारी बोराई रविंद्र कुमार नागरे, प्रबंधक सुरेश कुमार निषाद, ऑपरेटर लिगंबर पटेल, गजेंद्र यादव, नंदलाल देव (कृषि विस्तार अधिकारी), पटवारी नवरत्न ध्रुव, मनोज साक्षी, राजेश समरथ, कोटवार गणेश दास मानिकपुरी सहित बड़ी संख्या में किसान एवं पत्रकार पतिराम पट्टी, महेश कुमार नेताम उपस्थित रहे।

