सकरडेगा में संकुल स्तरीय मापन मेला, बच्चों ने सिखा गणित

सकरडेगा। सकरडेगा संकुल में एक संकुल स्तरीय मापन मेला का सफल आयोजन किया गया। इस शैक्षणिक मेले में संकुल की 6 प्राथमिक शालाओं एवं 1 पूर्व माध्यमिक शाला के कुल 105 विद्यार्थियों ने सक्रिय रूप से भाग लिया। मेले की विशेष बात यह रही कि इसकी पूर्व तैयारी लगभग एक माह पहले से विद्यालयों के शिक्षकों द्वारा बच्चों के साथ मिलकर की जा रही थी, जिससे बच्चे गतिविधियों के लिए पहले से परिचित और आत्मविश्वास से भरे हुए दिखाई दिए। यह मेला का आयोजन 29 जनवरी को किया गया।

मापन मेले में गणित विषय के अंतर्गत मापन की प्रमुख अवधारणाओं को केंद्र में रखते हुए 7 विषयगत कॉर्नर लगाए गए। इनमें भार, धारिता, लंबाई, समय, कैलेंडर, परिमाप, क्षेत्रफल एवं मुद्रा से संबंधित गतिविधियाँ शामिल थीं। प्रत्येक कॉर्नर पर बच्चों के लिए ऐसी अनुभवात्मक एवं गतिविधि-आधारित सीख की व्यवस्था की गई थी, जहाँ बच्चों ने वस्तुओं को तौलकर, नापकर, तुलना करके और वास्तविक जीवन से जोड़ते हुए मापन की समझ विकसित की।

शैक्षणिक चर्चा की गई

मेले के दौरान यह स्पष्ट रूप से देखने को मिला कि बच्चे केवल उत्तर याद करने तक सीमित नहीं थे, बल्कि वे क्यों और कैसे के प्रश्नों पर भी चर्चा कर रहे थे। शिक्षकों की भूमिका मार्गदर्शक की रही, जहाँ वे बच्चों को सोचने, अनुमान लगाने और निष्कर्ष तक पहुँचने के लिए प्रेरित कर रहे थे।

इस शैक्षणिक पहल का आयोजन Azim Premji Foundation के सहयोग से किया गया। संकुल के CAC अरविंद कुमार सतपती ने बताया कि यह संकुल एवं विकासखंड स्तर पर मापन आधारित सीख को लेकर पहला ऐसा प्रयास है, जिसमें बच्चों को पाठ्यपुस्तकों से आगे बढ़कर वास्तविक अनुभव के माध्यम से सीखने का अवसर मिला। उन्होंने कहा कि इस प्रकार की गतिविधियाँ बच्चों में गणित के प्रति भय को कम करती हैं और सीखने की रुचि को बढ़ाती हैं।

Azim Premji Foundation से प्रकाश रंजन ने कहा कि राष्ट्रीय पाठ्यचर्या रूपरेखा (NCF) गणित को आनंदमय, अर्थपूर्ण और अनुभव-आधारित तरीके से पढ़ाने की स्पष्ट वकालत करती है। NCF के अनुसार बच्चे तब बेहतर सीखते हैं जब उन्हें सीखने का अवसर गतिविधियों, खेलों और अपने आसपास की दुनिया से जोड़कर दिया जाए। इसी दृष्टिकोण को ध्यान में रखते हुए मापन मेले का आयोजन किया गया, ताकि बच्चे मापन की अवधारणाओं को केवल किताबों तक सीमित न रखें, बल्कि उन्हें अपने दैनिक जीवन से जोड़ सकें। उन्होंने यह भी बताया कि इस पूरी प्रक्रिया में शिक्षकों और बच्चों दोनों ने मेहनत की, जिससे सहभागिता करने वाले विद्यार्थियों की अवधारणात्मक समझ मजबूत हो सकी।

कार्यक्रम में Azim Premji Foundation से प्रकाश, मंजू एवं पियूष के साथ संकुल के CAC अरविंद कुमार सतपती, शिक्षकगण गोपाल सोरेन, महेश कुमार पटेल, अनुराधा त्रिपाठी,मंजू किरण तिग्गा,सरिता कुजूर,विल्फ्रेड, सुधनी लकड़ा, खगेन्द्र साई, राजीव कुमार भगत, गौरी शंकर सिदार, प्रतिमा भगत, पैट्रिक एक्का, फिरना सिहुर सहित अन्य शिक्षक एवं सहयोगी उपस्थित रहे।

Back To Top