बिसाहुदास महंत हॉस्पिटल चांपा के डॉक्टर के स्थानांतरण की मांग, कलेक्टर को सौंपा ज्ञापन

जांजगीर-चांपा।बिसाहुदास महंत हॉस्पिटल, चांपा में पदस्थ एक डॉक्टर को लेकर स्थानीय नागरिकों में असंतोष सामने आया है। चांपा निवासी विकास तिवारी एवं समस्त चांपा वासियों की ओर से कलेक्टर, जांजगीर-चांपा को एक ज्ञापन सौंपकर अस्पताल में कार्यरत डॉक्टर मनीष श्रीवास्तव का अन्यत्र स्थानांतरण किए जाने की मांग की गई है।
ज्ञापन में उल्लेख किया गया है कि डॉक्टर मनीष श्रीवास्तव बीते एक दशक से अधिक समय से बिसाहुदास महंत हॉस्पिटल, चांपा में पदस्थ हैं, लेकिन उनके द्वारा नियमित रूप से पूर्णकालिक ड्यूटी का निर्वहन नहीं किया जा रहा है। इससे अस्पताल में आने वाले मरीजों को उपचार में कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा है।
शिकायतकर्ताओं का कहना है कि इस विषय में कई बार अस्पताल प्रभारी को मौखिक रूप से अवगत कराया गया तथा सभी डॉक्टरों की ओपीडी में नियमित उपस्थिति सुनिश्चित कराने का आग्रह किया गया, लेकिन बार-बार निवेदन के बावजूद संबंधित डॉक्टर की कार्यप्रणाली में कोई सुधार नहीं हुआ।


ज्ञापन में जनहित एवं मरीजों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए कलेक्टर से मांग की गई है कि डॉक्टर मनीष श्रीवास्तव का अन्यत्र स्थानांतरण किया जाए तथा उनके स्थान पर किसी योग्य एवं नियमित रूप से सेवा देने वाले डॉक्टर की शीघ्र नियुक्ति की जाए, जिससे क्षेत्रवासियों को बेहतर स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध हो सकें।
इस संबंध में शिकायत की प्रतिलिपि मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी (CMHO) जांजगीर-चांपा तथा प्रभारी बिसाहुदास महंत हॉस्पिटल, चांपा को भी प्रेषित की गई है। शिकायतकर्ताओं ने प्रशासन से इस मामले में शीघ्र जांच एवं आवश्यक कार्रवाई की अपेक्षा जताई है।

Back To Top