बोराई चेकपोस्ट पर बस से 35 किलो गांजा जब्त , दो अंतर्राज्यीय महिला तस्कर गिरफ्तार

By.चैन सिंह गहने


धमतरी।धमतरी पुलिस ने मादक पदार्थ तस्करी के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए थाना बोराई क्षेत्र के चेक पोस्ट बोराई पर अंतर्राज्यीय यात्री बस से 35 किलो 783 ग्राम गांजा जब्त किया है। जब्त मादक पदार्थ की अनुमानित कीमत 17 लाख 89 हजार 150 रुपये बताई गई है। इस मामले में दो महिला तस्करों को गिरफ्तार कर एनडीपीएस एक्ट के तहत जेल भेज दिया गया है।
पुलिस अधीक्षक धमतरी के निर्देशन में जिले के सीमावर्ती क्षेत्रों में लगातार वाहन चेकिंग अभियान चलाया जा रहा है। पुलिस अधीक्षक धमतरी, सूरज सिंह परिहार ने बताया 4 फरवरी की रात करीब 12:30 बजे कोरापुट (उड़ीसा) से रायपुर जा रही यात्री बस “नरेश” क्रमांक CG-07-E-4433 को चेक पोस्ट बोराई पर रोका गया। जांच के दौरान बस के लोवर बर्थ क्रमांक 23 और 24 पर बैठी दो महिलाएं संदिग्ध अवस्था में मिलीं, जिनके पास तीन ट्रॉली बैग रखे थे।
गवाहों की मौजूदगी में तलाशी लेने पर ट्रॉली बैग से तीन सूटकेस में कुल 8 बंडलों में रखा गांजा बरामद हुआ। बरामद गांजे का वजन 35 किलो 783 ग्राम पाया गया। पुलिस ने मादक पदार्थ को जब्त कर दोनों आरोपियों के खिलाफ धारा 20(B) और 29 एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज किया।

गिरफ्तार आरोपी

गिरफ्तार आरोपियों की पहचान रेखा रानी (30 वर्ष), निवासी बाजीगर बस्ती, फरीदकोट, और कोमल चौधरी (29 वर्ष), निवासी नवरंगपुर (ओडिशा) के रूप में हुई है। दोनों को न्यायालय में पेश कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया है।

धमतरी पुलिस ने आम नागरिकों से अपील की है कि मादक पदार्थ तस्करी या किसी भी संदिग्ध गतिविधि की जानकारी तत्काल पुलिस को दें, ताकि ऐसे अपराधों पर प्रभावी कार्रवाई की जा सके।


Back To Top