रायपुर, 2 अक्टूबर 2025 । राज्य आर्थिक अपराध अन्वेषण एवं एंटी करप्शन ब्यूरो (ACB) ने प्रदेश कांग्रेस कमेटी कार्यालय, राजीव भवन, रायपुर से एक अहम दस्तावेज और जानकारी उपलब्ध कराने का अनुरोध किया है। यह कार्रवाई ब्यूरो में पंजीकृत अपराध क्रमांक 03/2024 के तहत की जा रही है, जिसमें भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम 1988 (संशोधित 2018) की धारा 7, 7A एवं 12 और भारतीय दंड संहिता की धारा 420, 120B, 384 शामिल हैं।
ब्यूरो के वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक ने प्रदेश कांग्रेस कमेटी के सचिव को लिखे पत्र में कहा है कि प्रकरण की विवेचना में श्री देवेन्द्र डडसेना, जो कांग्रेस कार्यालय में कार्यरत थे, के संबंध में कुछ महत्वपूर्ण जानकारी की आवश्यकता है। इसमें उनके पद पर नियुक्ति की अवधि से संबंधित सभी दस्तावेज, पद के कार्य और कर्तव्यों का विस्तृत विवरण और उनके वेतनमान सहित संबंधित दस्तावेज शामिल हैं।
ब्यूरो ने पत्र में यह स्पष्ट किया है कि उक्त जानकारी शीघ्रातिशीघ्र उपलब्ध कराना अनिवार्य है, ताकि प्रकरण की जांच समयबद्ध और प्रभावी रूप से आगे बढ़ सके। अधिकारीयों का कहना है कि इस कदम से प्रकरण की विवेचना में पारदर्शिता और सटीकता सुनिश्चित होगी।
ACB के अनुसार, इस कार्रवाई का उद्देश्य न केवल भ्रष्टाचार की जांच को गति देना है, बल्कि सभी संबंधित दस्तावेजों और तथ्यों को सही तरीके से रिकॉर्ड करना भी है। ब्यूरो का मुख्यालय रायपुर के तेलीबांधा रोड स्थित जय जवान पेट्रोल पंप के सामने है। इस कार्रवाई को धारा 91 जा.फौ. के तहत किया गया है।

