वीरेन्द्र साहू, तिल्दा-नेवरा।अल्ट्राटेक सीमेंट सेंचुरी बैकुंठ में श्रमिकों की हड़ताल आज चौथे दिन भी जारी रही। कंपनी प्रबंधन द्वारा श्रमिकों की मांगों पर कोई ठोस निर्णय नहीं लिए जाने से कर्मचारियों में आक्रोश व्याप्त है।
इसी बीच जिला पंचायत रायपुर की सदस्य क्षेत्र क्रमांक 06 एवं महिला एवं बाल विकास समिति की सभापति श्रीमती शैल महेन्द्र साहू शनिवार को धरना स्थल पहुँचीं और श्रमिकों की मांगों का खुले तौर पर समर्थन किया।
श्रीमती साहू ने कहा कि जब तक कंपनी प्रबंधन श्रमिकों की जायज़ मांगों पर उचित निर्णय नहीं लेता, तब तक आंदोलन जारी रहेगा। उन्होंने श्रमिकों के साथ हो रहे दुर्व्यवहार की निंदा करते हुए कहा “हर श्रमिक अपने घर का राजा है। कंपनी प्रबंधन को उनके साथ शांति और सम्मानपूर्वक व्यवहार करना चाहिए, अन्यथा स्थिति गंभीर हो सकती है।”
उन्होंने आगे कहा कि पुराने कर्मचारियों के अनुभव और योगदान को नज़रअंदाज़ करना प्रबंधन की बड़ी भूल है, और यदि जल्द समाधान नहीं निकाला गया तो आंदोलन को और तेज़ किया जाएगा।
महिला जनप्रतिनिधि के इस कदम से श्रमिकों में नया उत्साह देखा गया। सभी कर्मचारियों ने एकजुट होकर अपनी मांगों पर डटे रहने और शोषण के खिलाफ आवाज़ बुलंद करने का संकल्प लिया।
श्रीमती साहू ने कहा कि “भारत के निर्माण में मजदूरों की सबसे अहम भूमिका है। अगर मजदूर हाथ पर हाथ रखकर बैठ जाएं, तो देश का विकास रुक जाएगा। इसलिए श्रमिकों के अधिकारों की रक्षा करना हम सबकी जिम्मेदारी है।”
धरना स्थल पर हज़ारों श्रमिकों की मौजूदगी में हड़ताल शांतिपूर्ण ढंग से जारी रही। श्रमिकों ने स्पष्ट किया कि जब तक उनकी आवाज़ सुनी नहीं जाती, आंदोलन थमेगा नहीं।

