आईजी सरगुजा रेंज दीपक कुमार झा ने आम जनों के लिए जारी किया क्यूआर स्कैनर कोड

आम नागरिकों और पुलिस के बीच संवाद का बनेगा नया डिजिटल सेतु — अब सीधे मोबाइल से दी जा सकेगी प्रतिक्रिया

अंबिकापुर।पुलिस महानिरीक्षक सरगुजा रेंज श्री दीपक कुमार झा ने आम नागरिकों और पुलिस के बीच संवाद को और मजबूत बनाने के उद्देश्य से एक डिजिटल क्यूआर स्कैनर कोड लॉन्च किया है। यह कोड जनता को पुलिस कार्यों पर सीधा फीडबैक देने और सुझाव साझा करने का एक सरल माध्यम उपलब्ध कराएगा।

इस क्यूआर कोड का अनावरण पुलिस को-ऑर्डिनेशन सेंटर (सरगुजा भवन) में आयोजित कार्यक्रम में किया गया। इस अवसर पर वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक सरगुजा श्री राजेश अग्रवाल, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक श्री अमोलक सिंह ढिल्लों, नगर पुलिस अधीक्षक श्री राहुल बंसल सहित जिले के समस्त राजपत्रित अधिकारी, थाना व चौकी प्रभारी उपस्थित रहे।

आईजी श्री झा ने बताया कि आज के डिजिटल युग में अधिकांश लोग एंड्रॉइड मोबाइल का उपयोग कर रहे हैं, ऐसे में यह पहल शहरी और ग्रामीण दोनों क्षेत्रों के लोगों के लिए सुविधाजनक साबित होगी। अब नागरिक अपने क्षेत्र की पुलिसिंग से जुड़ी प्रतिक्रिया, सुझाव या शिकायतें सीधे अपने मोबाइल के माध्यम से दर्ज कर सकेंगे।

उन्होंने कहा कि इस प्रणाली से पुलिस कार्यालयों, थानों और चौकियों की जवाबदेही बढ़ेगी तथा जनता के मन में पुलिस के प्रति विश्वास और पारदर्शिता की भावना और मजबूत होगी।

आईजी झा ने बताया कि क्यूआर स्कैनर कोड से प्राप्त जनता के फीडबैक की मॉनिटरिंग सीधे उनके मार्गदर्शन में की जाएगी, ताकि आवश्यक सुधार और कार्यवाही सुनिश्चित की जा सके। यह कोड जिला पुलिस कार्यालयों, थानों, चौकियों और सार्वजनिक स्थलों पर प्रदर्शित रहेगा, जहां से कोई भी नागरिक इसका उपयोग कर सकेगा।

उन्होंने कहा कि यह डिजिटल पहल पुलिस और जनता के बीच सीधे संवाद का सशक्त माध्यम बनेगी तथा फीडबैक तंत्र को अधिक पारदर्शी, जवाबदेह और प्रभावी बनाएगी।

Back To Top