10 हजार से अधिक युवाओं ने स्वस्थ और नशामुक्त भारत का लिया संकल्प
रायपुर। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के 75वें जन्मदिवस पर रविवार को रायपुर में आयोजित ‘नमो युवा रन’ का शुभारंभ उप मुख्यमंत्री एवं खेल मंत्री अरुण साव ने तेलीबांधा तालाब से हरी झंडी दिखाकर किया। इस अवसर पर उन्होंने युवाओं के साथ दौड़ लगाई और संदेश दिया कि – “निराशा में नशा को नहीं, मैदान में खेल को चुने।”
पहली बार किसी उप मुख्यमंत्री को हजारों युवाओं के साथ कदम से कदम मिलाकर दौड़ते देख उत्साह का माहौल रहा। इस ऐतिहासिक दौड़ में 10 हजार से अधिक युवा शामिल हुए। रन का समापन सुभाष स्टेडियम में हुआ, जहां खिलाड़ियों और विजेताओं को सम्मानित किया गया।
डिप्टी सीएम ने दिया स्वस्थ भारत का मंत्र
श्री साव ने युवाओं को संबोधित करते हुए कहा कि देश की तरक्की में युवाओं का बड़ा योगदान है और नशामुक्त भारत बनाना जरूरी है। उन्होंने कहा – “अगर हम 2047 तक भारत को विकसित बनाना चाहते हैं तो युवाओं को स्वस्थ, समर्थ और सक्षम रखना होगा।”
विजेताओं को मिला सम्मान व पुरस्कार
‘नमो युवा रन’ के समापन समारोह में विजेता खिलाड़ियों को नकद पुरस्कार से नवाजा गया।
पुरुष वर्ग – अर्जुन राय (प्रथम), अक्षय कुमार (द्वितीय), चंद्रप्रकाश (तृतीय)
महिला वर्ग – वंशिका पटेल (प्रथम), रूख्मणि साहू (द्वितीय), चंचल यादव (तृतीय)
प्रथम, द्वितीय और तृतीय विजेताओं को क्रमशः ₹25,000, ₹15,000 और ₹10,000 की पुरस्कार राशि दी गई।
अंतरराष्ट्रीय खिलाड़ियों का हुआ सम्मान
इस अवसर पर उप मुख्यमंत्री साव ने अंतरराष्ट्रीय व राष्ट्रीय खिलाड़ियों को प्रथम पंक्ति में स्थान देकर सम्मानित किया। सम्मानित खिलाड़ियों में वेटलिफ्टर रुस्तम सारंग, हॉकी खिलाड़ी मृणाल चौबे, फुटबॉलर किरण पिस्दा, वॉलीबॉल खिलाड़ी दीपेश सिन्हा सहित कई अन्य खिलाड़ी शामिल थे।
बिलासपुर में भी दिखा जोश
बिलासपुर में भी ‘नमो युवा रन’ का सफल आयोजन हुआ। सीएमडी कॉलेज मैदान से शुरू हुई यह दौड़ रीवर-व्यू रोड तक चली। यहां भी युवाओं और खिलाड़ियों ने नशामुक्त भारत का संकल्प लिया।

