धमतरी। नगरी।भारत के लौहपुरुष सरदार वल्लभभाई पटेल की जयंती पर बोराई थाना परिसर एकता, अनुशासन और देशभक्ति के रंगों से सराबोर हो उठा। रन फॉर यूनिटी और साइबर जागरूकता अभियान के माध्यम से पुलिस विभाग ने गांव में राष्ट्रीय एकता और डिजिटल सुरक्षा का सशक्त संदेश दिया।
थाना प्रभारी नरेंद्र कुमार सिंह के नेतृत्व में आयोजित इस कार्यक्रम में एएसआई राकेश मिश्रा, प्रधान आरक्षक मानाराम चंद्रवंशी, एएसआई परसराम निषाद, आरक्षक डोमेंद्र ओट्टि सहित थाना स्टाफ मौजूद रहा। कार्यक्रम की शुरुआत सरदार पटेल के चित्र पर माल्यार्पण और राष्ट्रगान के साथ की गई। इसके बाद विद्यार्थियों और ग्रामीणों ने उत्साहपूर्वक एकता दौड़ में हिस्सा लिया। दौड़ के दौरान “एक भारत, श्रेष्ठ भारत” के नारों से वातावरण गूंज उठा।
दौड़ के बाद पुलिस अधिकारियों ने विद्यार्थियों को योग और व्यायाम के लाभ बताए। थाना प्रभारी सिंह ने कहा, “सरदार पटेल ने बिखरी रियासतों को जोड़कर एक अखंड भारत का निर्माण किया, हमें भी उनके आदर्शों पर चलकर समाज में एकजुटता बनाए रखनी चाहिए।”
इस अवसर पर साइबर सुरक्षा जागरूकता सत्र का भी आयोजन हुआ, जिसमें ऑनलाइन ठगी, बैंक फ्रॉड, फर्जी कॉल और सोशल मीडिया से होने वाले अपराधों से बचाव के उपाय बताए गए। ग्रामीणों को समझाया गया कि किसी अजनबी को बैंक विवरण साझा न करें और संदिग्ध लिंक पर क्लिक करने से बचें।
कार्यक्रम में कैलाश जैन, कोटवार गणेश दास मानिकपुरी, भंवर सिंह, चैन सिंह गहने सहित अनेक जनप्रतिनिधि, शिक्षक और विद्यार्थी उपस्थित रहे। समापन में सभी ने राष्ट्रीय एकता और साइबर सुरक्षा की शपथ ली।

