राधा–कृष्ण झांकी ने मोहा मन, बच्चों ने जीता दिल

by। चैन सिंह गहने
धमतरी। नगरी विकासखंड के देऊरपारा स्थित कणेश्वर घाट में इस वर्ष यादव समाज ने कार्तिक पूर्णिमा पर्व को अत्यंत भव्य और पारंपरिक रूप से मनाया। सुबह से ही पूजा-अर्चना, दीपदान और धार्मिक अनुष्ठानों की तैयारियां शुरू हो चुकी थीं। श्रद्धालुओं ने भगवान विष्णु तथा गंगा-यमुना की पवित्रता का आह्वान करते हुए सामूहिक प्रार्थना की। पारंपरिक परिधानों में सजी महिलाओं और युवतियों ने कलश यात्रा निकाली, जो नगर भ्रमण के बाद पुनः घाट परिसर लौटी। पूरे मार्ग में भजन-कीर्तन और मंगल गीतों की ध्वनि गूंजती रही, जिससे वातावरण पूरी तरह भक्तिमय हो गया।
विधायक अम्बिका मरकाम ने की समाज की प्रशंसा
कार्यक्रम में क्षेत्रीय विधायक अम्बिका मरकाम मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहे। उन्होंने यादव समाज की सांस्कृतिक विरासत और एकता की सराहना करते हुए कहा कि ऐसे आयोजन समाज को जोड़ने का कार्य करते हैं।
सिहावा में आयोजित गोवर्धन पूजा महोत्सव में जिला पंचायत अध्यक्ष अरुण सार्वा शामिल हुए। उन्होंने कहा कि यह पर्व प्रकृति और गोवंश संरक्षण का संदेश देता है और समाज को एकजुट करता है।
यादव समाज ने किया पारंपरिक राउत नाचा
कार्यक्रम में यादव समाज ने अपने पारंपरिक राउत नाचा की प्रस्तुति दी, जिसने पूरे आयोजन को जीवंत कर दिया और दर्शकों का भरपूर ध्यान आकर्षित किया।मेले का सबसे आकर्षक हिस्सा बच्चों द्वारा प्रस्तुत राधा–कृष्ण झांकी रही। छोटे बच्चों ने पारंपरिक वेशभूषा में बाल-लीलाओं का मनमोहक अभिनय किया। दर्शकों ने जमकर तालियां बजाईं और बच्चों के साथ तस्वीरें भी खिंचवाईं।
सामूहिक आरती के साथ आयोजन संपन्न हुआ। श्रद्धालुओं ने इस वर्ष के आयोजन को बेहद यादगार बताया और इच्छा जताई कि आने वाले वर्षों में इसे और भी बड़े स्तर पर मनाया जाए।
यह रहें शामिल
कार्यक्रम में लक्ष्मी ध्रुव, पूर्व विधायक अरुण शर्वा, महेश गोटा, प्रेमलता नागवंशी ,यादव समाज के सैकड़ो लोग सहित अनेक जनप्रतिनिधि उपस्थित रहे।

