खेत के चारों ओर नंगे बिजली तार से दी थी सप्लाई, करंट की चपेट में आने से युवक की मौत

आरोपी गिरफ्तार, भेजा गया जेल

जशपुर । थाना दुलदुला क्षेत्र के ग्राम खूंटीटोली (कस्तूरा) में एक युवक की करंट लगने से मौत के मामले में पुलिस ने खेत मालिक को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है। आरोपी ने अपने खेत के चारों ओर नंगे बिजली तारों में करंट प्रवाहित कर रखा था। मामला थाना दुलदुला क्षेत्रांतर्गत ग्राम खूंटीटोली, कस्तूरा का है।

पुलिस की जानकारी के अनुसार 24.09.2025 को ग्राम खूंटीटोली निवासी अनथ्रेस एक्का (55 वर्ष) ने रिपोर्ट दर्ज कराई कि उसका पुत्र असलम एक्का (26 वर्ष), जो दृष्टि से कमजोर था, दिनांक 23.09.2025 को दोपहर लगभग 3 बजे खेत की ओर गया था। वहाँ गाँव के ही बलेरियम एक्का (53 वर्ष) के सब्जी बाड़ी के पास गिरकर करंट की चपेट में आने से उसकी मौत हो गई।

पोस्टमार्टम रिपोर्ट से स्पष्ट हुआ

पहले यह मामला सौर झटका मशीन से करंट लगने का प्रतीत हुआ, लेकिन पोस्टमार्टम रिपोर्ट में स्पष्ट हुआ कि मृत्यु हाई वोल्टेज बिजली के करंट से हुई है। जांच में पाया गया कि आरोपी ने लगभग 800 मीटर दूर स्थित बिजली के खंभे से अवैध रूप से तार जोड़कर, खेत के चारों ओर हाई वोल्टेज बिजली प्रवाहित कर रखी थी। आरोपी का यह कृत्य गंभीर लापरवाही और जानलेवा साबित हुआ।

पुलिस ने घटना में प्रयुक्त बिजली के तार को जब्त करते हुए आरोपी के विरुद्ध बी.एन.एस. की धारा 105 के तहत अपराध दर्ज किया। पूछताछ में आरोपी ने अपराध स्वीकार किया। पर्याप्त साक्ष्य मिलने पर आरोपी बलेरियम एक्का, निवासी खूंटीटोली, थाना दुलदुला को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमाण्ड पर जेल भेजा गया है।

इस कार्रवाई में थाना प्रभारी दुलदुला निरीक्षक कृष्ण कुमार साहू, महिला प्रधान आरक्षक चम्पा पैंकरा, प्रधान आरक्षक मोहन बंजारे, आरक्षक अकबर चौहान, विनोद राम, तथा नगर सैनिक दुर्गा प्रसाद गौतम की सराहनीय भूमिका रही।

वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक जशपुर शशि मोहन सिंह ने कहा की खेतों या घरों के चारों ओर अवैध रूप से बिजली के नंगे तार लगाने का कार्य गंभीर अपराध है। ऐसे मामलों में पुलिस द्वारा कठोर कार्रवाई की जाएगी। नागरिकों से अपील है कि इस प्रकार की व्यवस्था से बचें, जिससे जन-धन की हानि न हो।”

Back To Top