प्रेम प्रसंग और 5 हजार भरण-पोषण बना हत्या का कारण
कोण्डागांव ।थाना फरसगांव क्षेत्र में गुमशुदा महिला एवं उसके तीन वर्षीय पुत्र की नृशंस हत्या के मामले में पुलिस ने सनसनीखेज खुलासा किया है। मृतिका की पहचान श्रीमती भागवती सेठिया (26 वर्ष) के रूप में हुई है, जो अपने बेटे वात्सल्य उर्फ बिट्टू के साथ लापता थी।
मामले में मृतिका के भाई आमदेव महावीर, निवासी सिरपुर ने दिनांक 06 दिसंबर 2025 को थाना फरसगांव में गुमशुदगी की रिपोर्ट दर्ज कराई थी। रिपोर्ट के आधार पर पुलिस ने गुम इंसान क्रमांक 49/2025 कायम कर विवेचना प्रारंभ की।
प्रकरण की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक कोण्डागांव पंकज चंद्रा के निर्देशन में, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक कौशलेन्द्र देव पटेल के मार्गदर्शन तथा एसडीओपी फरसगांव अभिनव उपाध्याय के पर्यवेक्षण में थाना प्रभारी विकास राय के नेतृत्व में विशेष जांच दल गठित किया गया।
कॉल डिटेल रिकॉर्ड और टावर लोकेशन से खुला षड्यंत्र का पूरा सच
जांच के दौरान कॉल डिटेल रिकॉर्ड और टावर लोकेशन के विश्लेषण से यह सामने आया कि मृतिका का पति रोहित सेठिया शादी के बाद से ही उसे प्रताड़ित कर रहा था। आरोपी का दूसरी महिला बसंती सेठिया के साथ प्रेम संबंध था और वह पत्नी के साथ नहीं रहना चाहता था। पारिवारिक विवाद के चलते न्यायालय द्वारा मृतिका को ₹5,000 प्रतिमाह भरण-पोषण देने का आदेश भी पारित किया गया था।
शव को नदी में पत्थर बांधकर फेकें
इन्हीं कारणों से आरोपी रोहित ने अपने रिश्तेदार नरेश पाण्डे और मित्र मिथलेश मरकाम के साथ मिलकर हत्या की साजिश रची। दिनांक 22 नवंबर 2025 को आरोपी कार CG 27 P 0632 से मृतिका को विशाखापट्टनम घुमाने का बहाना बनाकर उसके मायके ग्राम सिरपुर से ले गए। उड़ीसा रोड पर जयपुर के पास एक सुनसान स्थान पर तीनों आरोपियों ने मिलकर महिला की गला घोंटकर हत्या कर दी और शव को कोटपाड क्षेत्र की इन्द्रावती नदी में पत्थर बांधकर फेंक दिया।
इसके बाद तीन वर्षीय बालक को उड़ीसा के सिंगसाड़ी क्षेत्र के समीप जंगल स्थित तालाब में ले जाकर उसकी भी गला घोंटकर हत्या की गई और शव तालाब में फेंक दिया गया।
महिला का शव इन्द्रावती नदी से बरामद
आरोपियों की निशानदेही पर महिला का शव इन्द्रावती नदी से बरामद कर संबंधित थाना में मर्ग क्रमांक 15/2025 दर्ज किया गया है। बालक के शव की तलाश के लिए चिन्हांकित स्थल पर कानूनी प्रक्रिया पूर्ण कर ली गई है, जिसे शीघ्र बरामद किए जाने की संभावना है।
इस मामले में थाना फरसगांव में अपराध क्रमांक 166/2025 धारा 61(2), 140(1), 103(1), 238 बीएनएस के तहत प्रकरण पंजीबद्ध कर आगे की जांच की जा रही है।
पूरी कार्रवाई में एसडीओपी फरसगांव, सायबर सेल टीम, थाना प्रभारी विकास राय, उप निरीक्षक राजीव गोटा एवं पुलिस स्टाफ की महत्वपूर्ण भूमिका रही।

गिरफ्तार आरोपियों के नाम
01 रोहित सेठिया निवासी गुहोबोरण्ड (गुम इंसान मृतिका के पति)
02 नरेश पाण्डे निवासी बुडरा (गुम इंसान मृतिका का ममेहरा देवर)
03 मिथलेश मरकाम निवासी टेडमुण्ड (आरोपी का मित्र)
04 बसन्ती प्रधान निवासी बवई (मुख्य आरोपी रोहित का प्रेमिका)
05 रमेशचंन्द सेठिया निवासी गुहाबोरण्ड (गुम इंसान मृतिका के ससुर)
06 उर्मिला सेठिया निवासी गुहाबोरण्ड (मृतिक की सास)
07 प्रभूलाल पाण्डे निवासी बुडरा (मृतिका के मामा ससुर)

