चलती बस में लगी आग, 45 सवार यात्रियों की बची जान

लोहरदगा से रांची जा रही थीं बस ,मंदर थाना क्षेत्र के पास लगी आग

रांची। शनिवार की शाम रांची–लोहरदगा हाईवे पर उस समय अफरा-तफरी मच गई जब यात्रियों से भरी एक बस में अचानक आग लग गई। लोहरदगा से रांची जा रही यह बस जैसे ही मंदर थाना क्षेत्र के पास पहुँची, उसके पिछले हिस्से से धुआँ उठने लगा। देखते ही देखते आग भड़क उठी और बस में सवार यात्रियों में हड़कंप मच गया।

प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक बस में करीब 45 यात्री सवार थे। अचानक धुआँ उठते देख ड्राइवर ने सूझबूझ दिखाते हुए बस को सड़क किनारे रोक दिया। इसके बाद यात्रियों ने खिड़की और दरवाजों से निकलकर किसी तरह अपनी जान बचाई। घटना के कुछ ही मिनटों में बस पूरी तरह आग की लपटों में घिर गई।

शॉर्ट सर्किट से लगी आग

मंदर थाना प्रभारी मनोज कर्माली ने बताया कि सभी यात्रियों को सुरक्षित निकाल लिया गया है। किसी के हताहत या घायल होने की सूचना नहीं है। उन्होंने कहा कि आग लगने का प्राथमिक कारण शॉर्ट सर्किट प्रतीत होता है। सूचना मिलते ही फायर ब्रिगेड की टीम मौके पर पहुँची और कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पा लिया गया।

आंध्र प्रदेश के कुर्नूल में सड़क हादसा

गौरतलब है कि एक दिन पहले ही आंध्र प्रदेश के कुर्नूल जिले में एक भीषण सड़क हादसे में एक निजी बस में आग लगने से 20 लोगों की मौत हो गई थी, जब बस एक दोपहिया वाहन से टकरा गई थी। लगातार हो रही बस दुर्घटनाओं ने लोगों की सुरक्षा पर सवाल खड़े कर दिए हैं।

Back To Top