
बीजापुर।छत्तीसगढ़ के बीजापुर जिले के नैशनल पार्क क्षेत्र में 11 नवंबर को हुई मुठभेड़ में सुरक्षा बलों ने बड़ी सफलता हासिल की है। इस मुठभेड़ में कुल छह नक्सली मारे गए हैं, जिन पर कुल 27 लाख रुपये का इनाम घोषित था।
मारे गए नक्सलियों में नक्सल संगठन का बड़ा लीडर कन्ना उर्फ बुचन्ना, उसके साथ पापाराव की पत्नी उर्मिला, और चार अन्य इनामी नक्सली शामिल हैं। ये सभी कई बड़ी वारदातों में शामिल थे, जिनमें सुरक्षाबलों पर हमले, आईईडी ब्लास्ट और शिक्षाकर्मियों की हत्या जैसी घटनाएँ शामिल हैं।
सूत्रों के अनुसार, यह मुठभेड़ बीजापुर नैशनल पार्क के जंगल क्षेत्र में हुई, जहाँ नक्सलियों की गतिविधियों की सूचना पर संयुक्त टीम ने सर्च ऑपरेशन चलाया था। इस दौरान हुई मुठभेड़ में छह नक्सली मारे गए जबकि बाकी जंगल का फायदा उठाकर भाग निकले।
घटनास्थल से दो एसएलआर रायफल, एक कार्बाइन रायफल, ऑटोमैटिक हथियार और विस्फोटक सामग्री बरामद की गई है। पुलिस और सीआरपीएफ की संयुक्त टीम ने पूरे क्षेत्र में तलाशी अभियान तेज कर दिया है।
अधिकारियों का कहना है कि मुठभेड़ में मारे गए नक्सली लंबे समय से क्षेत्र में आतंक फैला रहे थे और कई बड़े हमलों की साजिश में शामिल थे। इस कार्रवाई को सुरक्षा बलों की एक बड़ी उपलब्धि माना जा रहा है।

