जशपुर के अरमान टोप्पो 100 मीटर दौड़ में बने राज्य चैंपियन

जशपुरनगर। संत पॉल इंग्लिश मीडियम स्कूल बघिमा के छात्र अरमान टोप्पो ने अपनी तेज रफ्तार से राज्य स्तरीय एथलेटिक्स प्रतियोगिता में पहला स्थान प्राप्त कर इतिहास रच दिया। जगदलपुर में 19 से 24 सितंबर तक आयोजित इस अंडर-14 प्रतियोगिता में अरमान ने 100 मीटर दौड़ में बाजी मारकर सरगुजा संभाग को स्वर्ण पदक दिलाया।

इस जीत के साथ ही अरमान का चयन राष्ट्रीय स्तरीय प्रतिस्पर्धा के लिए हो गया है, जिससे पूरे क्षेत्र में खुशी की लहर दौड़ गई है।

स्कूल परिवार ने किया सम्मान

प्रतियोगिता से लौटने पर अरमान का स्कूल प्रबंधन व विद्यार्थियों ने भव्य स्वागत किया। 27 सितंबर को विद्यालय परिसर में आयोजित समारोह में प्रबंधक फादर विपिन कुमार तिग्गा, प्राचार्य, शिक्षकगण और विद्यार्थियों ने उन्हें पुष्पगुच्छ भेंट कर सम्मानित किया।

अरमान बच्चों के लिए प्रेरणा”

इस अवसर पर फादर विपिन ने कहा, “हमारे बच्चों में प्रतिभा की कोई कमी नहीं है। उन्हें सिर्फ अवसर और सही मार्गदर्शन चाहिए। अरमान की सफलता सभी छात्रों के लिए प्रेरणा है और आने वाले समय में और भी प्रतिभाएं आगे आएंगी।”

अरमान ने जताया आभार

अपनी सफलता पर अरमान टोप्पो ने कहा कि यह उपलब्धि उनके शिक्षकों, विशेषकर पीटीआई मुकुल टोप्पो के निरंतर मार्गदर्शन और प्रोत्साहन से ही संभव हो पाई है। उन्होंने कहा कि अब उनका अगला लक्ष्य राष्ट्रीय प्रतियोगिता में भी उत्कृष्ट प्रदर्शन कर क्षेत्र का नाम रोशन करना है।

अरमान की इस उपलब्धि से न केवल संत पॉल स्कूल बल्कि पूरे जशपुर जिले का मान बढ़ा है।

Back To Top