जशपुर में गणेश विसर्जन जुलूस पर कहर – बेकाबू बोलेरो भीड़ में घुसी, 3 श्रद्धालुओं की मौत, 22 घायल

जशपुर। जिले के बगीचा थाना क्षेत्र के ग्राम जुरुडांड में मंगलवार देर रात गणेश विसर्जन जुलूस मातम में बदल गया। चरईडांड स्टेट हाईवे पर श्रद्धालुओं के बीच अचानक एक तेज रफ्तार बोलेरो (CG 15 CR 1429) घुस आई। हादसे में तीन लोगों ने मौके पर ही दम तोड़ दिया, जबकि 22 से अधिक श्रद्धालु गंभीर रूप से जख्मी हो गए।

प्रत्यक्षदर्शियों का कहना है कि बोलेरो रायकेरा की ओर से आ रही थी और तेज रफ्तार के कारण चालक का वाहन पर नियंत्रण नहीं रहा। देखते ही देखते गाड़ी सीधे भीड़ में जा घुसी। करीब 150 लोग जुलूस में शामिल थे। अचानक हुए टक्कर से कई लोग उछलकर दूर जा गिरे, तो कुछ वाहन के नीचे दब गए। गुस्साए लोगों ने चालक को पकड़कर पीट दिया, वहीं अन्य सवार लोग मौके से भाग निकले।

प्रशासन की तत्परता

घटना की जानकारी मिलते ही कलेक्टर रोहित व्यास और एसएसपी शशि मोहन सिंह तुरंत अस्पताल पहुंचे। उन्होंने घायलों का हालचाल लिया और हर संभव मदद का भरोसा दिया। प्रशासन ने राहत-बचाव कार्य के लिए 2 नायब तहसीलदार और मेडिकल टीम को अंबिकापुर रवाना किया है।

मौके पर जनपद उपाध्यक्ष अरविंद गुप्ता, जनप्रतिनिधि शंकर गुप्ता, एसडीओपी दिलीप कोसले, एसडीएम प्रदीप राठिया और तहसीलदार महेश्वर उईके सहित भारी पुलिस बल तैनात रहा। ग्रामीणों की मदद से देर रात तक रेस्क्यू अभियान जारी रहा।

मृतकों की पहचान


अरविंद (19 वर्ष) पिता तोबियस केरकेट्टा

विपिन कुमार प्रजापति (17 वर्ष) पिता देवनारायण

खिरोवती यादव (32 वर्ष) पत्नी हरीश यादव

घायल श्रद्धालु

फकीर यादव, नीलू यादव, निरंजन राम पिता अर्जुन राम, संदीप यादव, नारायण, देवंती, गुलापी बाई, याहूसु लकड़ा, संतोष प्रजापति, हेमंत यादव, उमा यादव, भुवनेश्वरी यादव, चंदा बाई, पिंकी, लीलावती प्रजापति, डमरूधर यादव, गायत्री यादव, आरती यादव, परमानंद यादव, अभिमन्यु, हेमानंद और बोलेरो चालक सुखसागर समेत 22 से अधिक लोग गंभीर रूप से जख्मी हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back To Top