जशपुर में गर्भवती पत्नी की डंडे से हत्या

2 साल की बच्ची को लेकर भागा आरोपी पति गिरफ्तार


जशपुर। जिले के नारायणपुर थाना क्षेत्र में घरेलू विवाद ने एक भयावह रूप ले लिया। सब्जी बनाने को लेकर हुए मामूली झगड़े में एक युवक ने अपनी 6 माह की गर्भवती पत्नी की डंडे से मारकर हत्या कर दी। वारदात के बाद आरोपी अपनी दो साल की बेटी को लेकर फरार हो गया था, जिसे पुलिस ने गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है।
मामला थाना नारायणपुर क्षेत्र के ग्राम ढोठीपहरी (कुरूम ढोढा) का है। पुलिस के अनुसार गिरफ्तार आरोपी स्वदेश उर्फ सुदेश राम कोरवा (27 वर्ष), निवासी ग्राम ढोढ़ीबहार, चौकी दोकड़ा, जिला जशपुर है। आरोपी के खिलाफ हत्या का अपराध बीएनएस की धारा 103 के तहत दर्ज किया गया है।
पुलिस को मिली जानकारी के अनुसार, मृतका कमला विश्वकर्मा अपने पिता जेठू विश्वकर्मा की बेटी थी और वह आरोपी के साथ प्रेम संबंध के चलते कुछ वर्ष पूर्व उसके साथ रहने चली गई थी। दोनों की दो वर्ष की एक बेटी है और मृतका छह माह की गर्भवती थी। पिछले महीने से दंपति ग्राम बेलसुंगा में रह रहे थे। घटना से करीब एक सप्ताह पहले आरोपी अपनी पत्नी और बच्ची को लेकर अपने नाना के घर ग्राम ढोठीपहरी आकर रहने लगा था।

पति-पत्नी के बीच विवाद में


बताया गया कि 6 फरवरी 2026 की शाम करीब 7:30 बजे पति-पत्नी के बीच सब्जी बनाने की बात को लेकर विवाद हुआ। इसी दौरान आरोपी ने गुस्से में पास रखे डंडे से पत्नी के सिर पर वार कर दिया, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई। घटना के बाद आरोपी अपनी दो साल की बच्ची को लेकर फरार हो गया।
सूचना पर पुलिस ने मर्ग कायम कर मौके पर पहुंचकर पंचनामा व फॉरेंसिक जांच कराई। पोस्टमार्टम रिपोर्ट में चोट के कारण हत्या की पुष्टि होने पर आरोपी के खिलाफ हत्या का मामला दर्ज कर विवेचना शुरू की गई। पुलिस टीम ने आरोपी की तलाश कर उसे उसके गृह ग्राम ढोढ़ीबहार से हिरासत में लिया। पूछताछ में आरोपी ने अपराध स्वीकार कर लिया। उसके कब्जे से हत्या में प्रयुक्त लकड़ी का डंडा भी जब्त किया गया है।


पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया है। मामले की कार्रवाई में थाना नारायणपुर पुलिस टीम के अधिकारियों व जवानों का सराहनीय योगदान रहा।
डीआईजी व वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक जशपुर डॉ. लाल उमेद सिंह ने बताया कि पत्नी की हत्या कर फरार आरोपी को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया गया है और मामले में आगे की कार्रवाई जारी है।

Back To Top