
रायपुर (News27) 19.05.2024 । कबीरधाम के युवा लिवरू उर्फ दिवाकर के बारे में सबको जानना चाहिए, क्योंकि लिवरू ने वह किया है जो सभी के लिए प्रेरणास्पद है। लिवरू की दो पहचान है एक पहचान भटककर नक्सली गतिविधियों से जुड़ें होने की है जिसे अब पीछे छोड़कर मुख्यधारा में लौट कक्षा दसवीं की परीक्षा पास कर उसने अपने सुदृढ़ और सुनहरें भविष्य को गढ़ने में लगा है। सभी उसके उज्जवल भविष्य का कामना कर रहे हैं। उप-मुख्यमंत्री विजय शर्मा ने स्वयं वीडियो काॅल कर दिवाकर की इस सफलता के लिए हार्दिक बधाई और उसके उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं देते हुए उसका हौसला बढ़ाया है। उन्होंने कहा कि हमारे जो भी भाई बहन रास्ता भटककर नक्सली गतिविधियों से जुड़े हैं, वे लिवरु उर्फ दिवाकर से प्रेरणा लें और मुख्यधारा में लौटकर अपने जीवन में भी सुखद परिवर्तन लाएं। डिप्टी सीएम ने इस बात के लिए प्रसन्नता व्यक्त की है कि कबीरधाम पुलिस की पहल और मदद से जिले के नक्सल प्रभावित गांवों के दो सौ छात्रों में 105 छात्रों ने 10वीं और 12वीं की बोर्ड परीक्षा पास कर ली है। शर्मा ने सभी को बधाई और शुभकामनाएं दी है। ये सभी विद्यार्थी नक्सल प्रभावित क्षेत्र के चिल्फी, तरेगाव, रेंगाखार झलमला, बोड़ला के सुदूर वनांचल गांव के हैं। कभी वनाचंलों के बीहड़ में बंदूक लेकर भटकने वाले युवाओं ने जीवन को भटकाव के रास्ते से अलग किया और आत्मसमर्पण कर जीवन के मुख्यधारा से जुड़ कर अपने व अपने परिवार के भविष्य को उज्जवल बनाने में लगे हैं। समाज के लिए नासुर बनकर उभरे नक्सलवाद के भटकाव के बीच निश्चित रूप से यह सकारात्मक खबर है कि नक्सली बने युवा अब हथियार छोड़कर जीवन की मुख्यधारा में लौटने लगे हैं।
…………………

