तिल्दा-नेवरा।by. वीरेन्द्र साहु। जोगी कुआं धाम बैकुंठ-बहेसर में 24 अक्टूबर 2025 को भव्य संत समागम एवं सतनाम सत्संग कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा। इस आयोजन का संचालन धर्मगुरु बालकदास सतनाम सेवा समिति, जोगी कुआं धाम बैकुंठ-बहेसर तथा सतनाम सत्संग समिति नागपुर (महाराष्ट्र) के संयुक्त तत्वावधान में किया जा रहा है।
कार्यक्रम में तिल्दा-नेवरा परिक्षेत्र सहित आसपास के गांवों से सतनामी समाज के भंडारी, साटीदार, समाज प्रमुख, साधु-संत, महंत, राजमहंत, महिला-पुरुष बड़ी संख्या में शामिल होंगे।
संत समागम में बाबा गुरु घासीदास के बताए उपदेशों और सतनाम दर्शन के सिद्धांतों पर प्रवचन होंगे। कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य समाज में आध्यात्मिक एकता, सत्य, अहिंसा और समानता के संदेश को जन-जन तक पहुंचाना है।
इस आयोजन की जानकारी समिति के अध्यक्ष दिनेश गायकवाड़ (अधिवक्ता), भाजपा तिल्दा ग्रामीण महामंत्री ने दी। उन्होंने बताया कि यह कार्यक्रम समाज में भाईचारे और गुरु परंपरा के प्रति आस्था को सशक्त करेगा।

