अब तक 10 लाख 50 हजार रुपये कीमत के अवैध धान पकड़ाये
जशपुर। धान खरीदी सीज़न शुरू होते ही सरहदी राज्यों से अवैध धान की तस्करी बढ़ गई है। इस पर रोक लगाने जशपुर पुलिस व प्रशासन लगातार कार्रवाई कर रहा है। बुधवार तड़के सिटी कोतवाली पुलिस ने मुखबिर की सूचना पर ग्राम गलौंडा के ग्रामीण मार्ग में धान से लदी चार पिकअप जब्त की। वाहनों में 120 क्विंटल धान लोड था, जिसे झारखंड से छत्तीसगढ़ की एक राइस मिल के लिए लाया जा रहा था। आज सुबह लगभग 4 बजे पेट्रोलिंग के दौरान पुलिस को सूचना मिली कि चार संदिग्ध पिकअप CG14-MU-9347, JH01-FG-8689, JH01-FC-816 और JH01-FC-7695—झारखंड के चैनपुर से धान लेकर आ रही हैं।
नाकाबंदी कर घेराबंदी
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक शशि मोहन सिंह के निर्देश पर गलौंडा मार्ग में तत्काल नाकाबंदी की गई और घेराबंदी कर सभी वाहनों को रोका गया।पूछताछ में ड्राइवरों ने अपना नाम जीत वाहन (23 वर्ष) निवासी भागलपुर, विकास कुमार (25), चंदन कुमार (25), रोहित रौतिया (25) सभी निवासी चैनपुर, गुमला (झारखंड) बताए।
सभी ने स्वीकार किया कि धान एक राइस मिल में सप्लाई के लिए लाया जा रहा था, लेकिन कोई वैध दस्तावेज प्रस्तुत नहीं कर सके।पुलिस ने चारों वाहनों सहित धान को जब्त कर अग्रिम कार्रवाई के लिए जिला प्रशासन को सौंप दिया।
जशपुर पुलिस अब तक सरहदी क्षेत्रों—लोदाम, कुनकुरी और पंडरा पाठ से 5 ट्रक, 3 पिकअप और एक ऑटो जब्त कर चुकी है।
कुल मिलाकर 10 लाख 50 हजार रुपये कीमत के 420 क्विंटल अवैध धान पकड़े जा चुके हैं।
एसपी का बयान
एसपी शशि मोहन सिंह ने कहा सरहदी राज्यों से अवैध धान की आमद रोकने पुलिस पूरी तरह सतर्क है। संभावित मार्गों पर निगरानी, मुखबिर तंत्र को मजबूत किया गया है और पेट्रोलिंग जारी है। अवैध धान के खिलाफ कार्रवाई आगे भी निरंतर जारी रहेगी।”

