तातापानी महोत्सव में मुख्यमंत्री ने दिया बलरामपुर जिले को 667 करोड़ से अधिक के विकास कार्यों की सौगात

मकर संक्रांति भारतीय संस्कृति, एकजुटता और समृद्धि का प्रतीक : मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय

By. रोहित यादव

बलरामपुर।मकर संक्रांति के पावन अवसर पर जिले के प्रसिद्ध तातापानी महोत्सव में प्रदेश के मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने सहभागिता की। उन्होंने तपेश्वर महादेव मंदिर प्रांगण स्थित प्राचीन शिव चबूतरे पर विधिवत पूजा-अर्चना कर प्रदेशवासियों की सुख-समृद्धि की कामना की। इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने 60 फीट ऊँची भगवान शिव की प्रतिमा के समीप पतंग उड़ाकर मकर संक्रांति पर्व हर्षोल्लास के साथ मनाया।
तीन दिवसीय तातापानी महोत्सव के दौरान विशाल जनसमूह को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री साय ने कहा कि मकर संक्रांति सूर्य उपासना का पर्व है, जो भारतीय संस्कृति, सामाजिक एकजुटता और समृद्धि का प्रतीक है। उन्होंने तातापानी को आस्था का प्रमुख केंद्र बताते हुए श्रद्धालुओं की मनोकामनाएं पूर्ण होने की कामना की।
मुख्यमंत्री ने प्रदेशवासियों को मकर संक्रांति के साथ-साथ लोहड़ी एवं पोंगल पर्व की भी शुभकामनाएं दीं। कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री कन्या विवाह योजना के अंतर्गत परिणय सूत्र में बंधे 200 जोड़ों को नवदांपत्य जीवन के लिए आशीर्वाद एवं शुभकामनाएं दीं।
इस अवसर पर मुख्यमंत्री साय ने जिले के विकास के लिए चार महत्वपूर्ण घोषणाएं कीं। उन्होंने घोषणा की कि तातापानी महोत्सव के आयोजन हेतु प्रतिवर्ष 25 लाख रुपये की राशि प्रदान की जाएगी।
साथ ही मुख्यमंत्री ने 667 करोड़ रुपये से अधिक लागत के विकास कार्यों का लोकार्पण एवं भूमिपूजन कर जिले को विकास की बड़ी सौगात दी।



Back To Top