तुरीटोंगरी में अधजली लाश का खुलासा, पत्नी ने नाबालिगों के साथ मिलकर की थी पति की हत्या


जशपुर, 10 फरवरी।जशपुर पुलिस ने सिटी कोतवाली क्षेत्र के पुरना नगर स्थित तुरीटोंगरी में अक्टूबर 2025 में मिली अधजली लाश की गुत्थी सुलझा ली है। मामले में मृतक की पत्नी समेत तीन नाबालिगों को गिरफ्तार किया गया है। पुलिस के अनुसार, मृतक की पहचान महावीर राम भगत (49) निवासी गड़ियोटोंगरी, मनोरा के रूप में हुई है।
पुलिस को 18 अक्टूबर 2025 को सूचना मिली थी कि तुरीटोंगरी जंगल में एक अज्ञात युवक का अधजला शव पड़ा है। शव का अधिकांश हिस्सा जल चुका था, जिससे पहचान करना मुश्किल था। पोस्टमार्टम रिपोर्ट में हत्या की पुष्टि होने के बाद पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू की। शव की पहचान के लिए आसपास के थानों में सूचना प्रसारित की गई और तकनीकी जांच भी की गई।
दिसंबर 2025 में मृतक के भाई ने पुलिस को बताया कि महावीर राम भगत दिवाली से लापता था और उसकी पत्नी सुमित्रा भगत ने भी कोई जानकारी नहीं दी थी। पुलिस ने डीएनए जांच कराई, जिसमें तुरीटोंगरी से मिले शव का सैंपल मृतक के बच्चों से मैच हुआ। इसके बाद पत्नी सुमित्रा भगत पर संदेह गहरा गया।

पति के मारने के डर से पत्नी ने किया पति की हत्या


पूछताछ में सुमित्रा भगत ने अपराध स्वीकार किया। उसने बताया कि पति आए दिन शराब पीकर मारपीट करता था और दोनों अलग रहते थे। 18 अक्टूबर की सुबह पति उसके जशपुर स्थित घर आया, जिसके हाथ में छोटी गैंती थी। विवाद के दौरान सुमित्रा ने गैंती छीनकर उसके सिर व चेहरे पर वार किया और बाद में गला दबाकर हत्या कर दी। घटना के समय घर में मौजूद उसकी दो नाबालिग बेटियों ने भी मां का साथ दिया। रात में पड़ोस के एक नाबालिग लड़के की मदद से शव को लकड़ी से बांधकर तुरीटोंगरी जंगल ले जाया गया और पहचान मिटाने के लिए पेट्रोल डालकर आग लगा दी गई।

एक आरोपी जेल एक नाबालिक बाल संप्रेषण गृह


पुलिस ने मुख्य आरोपिया सुमित्रा भगत (50) को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया है, जबकि दो नाबालिग बालिकाओं और एक नाबालिग बालक को बाल संप्रेषण गृह भेजा गया है। आरोपियों की निशानदेही पर हत्या में प्रयुक्त छोटी गैंती, पेट्रोल की जरकीन और टॉर्च भी जब्त की गई है।
मामले की गंभीरता को देखते हुए डीआईजी एवं एसएसपी डॉ. लाल उमेद सिंह के निर्देशन में विशेष टीम गठित कर लगातार मॉनिटरिंग की गई, जिसके बाद अंधे कत्ल का खुलासा संभव हो सका। पुलिस ने बताया कि आरोपियों के खिलाफ बीएनएस की संबंधित धाराओं में कार्रवाई की जा रही है।

Back To Top