अयोध्या से पधारे सियाराम शरण जी महाराज

रायपुर। श्री दूधाधारी मठ महाउत्सव के उपलक्ष्य में संगीतमय श्रीराम कथा और भव्य संत सम्मेलन का आयोजन मठपारा स्थित दूधाधारी सत्संग भवन में जारी है। श्रीधाम अयोध्या से पधारे आचार्य श्री स्वामी सियाराम शरण जी महाराज अपने मुखारबिंदु से श्रीराम कथा का रसपान करा रहे हैं, जिसमें बड़ी संख्या में श्रद्धालु प्रतिदिन शामिल हो रहे हैं।
कथा के दौरान आज श्री संकट मोचन वीर हनुमान मंदिर के महंत श्री राजेश शर्मा अपने शिष्य प्रशांत पांडेय के साथ पहुंचे। महंत राजेश शर्मा ने मंच पर विराजमान कथा व्यास सियाराम शरण जी महाराज का शाल और श्रीफल भेंट कर सम्मान किया तथा आशीर्वाद प्राप्त किया।
महाउत्सव 2 नवंबर से 10 नवंबर 2025 तक आयोजित किया जा रहा है। यह आयोजन श्रद्धेय गुरुदेव ब्रम्हलीन राजेश्री महंत वैष्णव दास जी महाराज की पुण्यतिथि के पावन अवसर पर प्रतिवर्षानुसार किया जाता है। कथा का समय प्रतिदिन प्रातः 9 से 12 बजे तक तथा दोपहर 3 से 6 बजे तक निर्धारित है।
इस आयोजन की व्यवस्था डॉ. राजेश्री महंत रामसुंदरदास जी महाराज और दूधाधारी मठ ट्रस्ट के न्यासीगण द्वारा की गई है।

