बलरामपुर, 7 फरवरी 2026।राजपुर थाना क्षेत्र में एक गरीब कृषक से दिनदहाड़े 49 हजार रुपये की ठगी करने के मामले में पुलिस ने मुख्य आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी के कब्जे से 20 हजार रुपये बरामद किए गए हैं, जबकि एक अन्य आरोपी अब भी फरार है, जिसकी तलाश जारी है।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार 2 फरवरी 2026 को ग्राम डांड खड़ुआ निवासी प्रार्थी निबल साय अपने बेटे के साथ सहकारी बैंक राजपुर से धान बिक्री की राशि निकालने आया था। बैंक से 49 हजार रुपये निकालने के बाद वह बेटे का इंतजार कर रहा था। कुछ देर बाद बेटा नहीं आया तो वह पैदल अपने गांव की ओर निकल पड़ा। इसी दौरान रास्ते में मोटरसाइकिल सवार दो अज्ञात युवक मिले। उन्होंने पहले तंबाकू मांगी और फिर प्रार्थी के बेटे का नाम पूछकर उसे अपने झांसे में ले लिया।
आरोपियों ने प्रार्थी से कहा कि वे उसके बेटे को जानते हैं और उसे घर तक छोड़ देंगे। भरोसा दिलाकर उन्होंने प्रार्थी से कपड़े में बंधे 49 हजार रुपये ले लिए और मोटरसाइकिल पर बैठाकर कुछ दूर ले जाकर दुकान से सामान लेने का बहाना बनाकर फरार हो गए।
शाम को बेटे के साथ थाने पहुंचकर रिपोर्ट दर्ज कराने पर थाना राजपुर में अपराध क्रमांक 25/2026 धारा 318(4), 3(5) बीएनएस के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू की गई। पुलिस अधीक्षक बलरामपुर के निर्देश पर थाना प्रभारी राजपुर ने तत्काल टीम गठित कर आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की जांच की। फुटेज के आधार पर संदेही की पहचान कर ग्राम तुंगा थाना लखनपुर जिला सरगुजा निवासी जेल कुमार (27) को गिरफ्तार किया गया।
पूछताछ में आरोपी ने घटना स्वीकार कर ली। उसके कब्जे से 20 हजार रुपये जब्त किए गए हैं। आरोपी को न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया है, जबकि एक अन्य फरार आरोपी की तलाश जारी है।
मामले की पतासाजी में थाना प्रभारी राजपुर के साथ एएसआई अशोक तिर्की, प्रधान आरक्षक पवन सिंह, राजेंद्र ध्रुव तथा आरक्षक अमित राजवाड़े की विशेष भूमिका रही।

