छह माह से नगर पालिका के चक्कर, अधिकारी सुनने को तैयार नहीं
वीरेन्द्र साहू, तिल्दा नेवरा। नगर पालिका परिषद तिल्दा नेवरा के वार्ड क्रमांक 12 की निवासी ठगिया बाई साहू और सनत साहू प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत अपना घर बनवाने के लिए पिछले छह महीनों से राशि मिलने का इंतजार कर रहे हैं। नगर पालिका ने उन्हें जल्द आवास निर्माण करने का नोटिस दिया था, जिसके बाद दोनों पैर दर्द और शारीरिक समस्याओं के बावजूद ब्याज पर कर्ज लेकर घर का निर्माण पूरा कर चुके हैं।
लेकिन आश्चर्य यह कि निर्माण पूरा हुआ, फिर भी नगर पालिका द्वारा उनके बैंक खाते में योजना की राशि का एक भी पैसा जमा नहीं किया गया। लगातार छह माह से ठगिया बाई और सनत नगर पालिका के चक्कर काट रहे हैं, पर अधिकारी और कर्मचारी उनकी बात सुनने तक को तैयार नहीं।
ग्रामीणों का कहना है कि तिल्दा नेवरा में पहले रकम दो, तब आवास का काम आगे बढ़े”—ऐसा माहौल बना हुआ है।
इसी लापरवाही के कारण ठगिया बाई, सनत और कई अन्य हितग्राही रोज पालिका में बहस करते हुए लौट जाते हैं, लेकिन अधिकारियों के कानों में जूं तक नहीं रेंगती।
एक ओर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी गरीबों को आवास देने के लिए योजनाएँ चला रहे हैं, वहीं दूसरी ओर तिल्दा नेवरा पालिका की उदासीनता ने पात्र हितग्राहियों की मुश्किलें बढ़ा दी हैं।
ठगिया बाई और सनत ने कहा है कि यदि जल्द राशि जारी नहीं होती, तो वे प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को पत्र लिखकर अपनी पीड़ा सीधे बताएंगे।

