जशपुर। सरकारी नौकरी पाने के लिए युवा वर्षों तक कड़ी मेहनत करते हैं, लेकिन प्रेम-प्रसंग के चक्कर में एक सब इंजीनियर युवती ने अपनी अच्छी-खासी नौकरी तक छोड़ दी। अब आरोपी युवक उसी शादी से मुकर गया है। इसी मामले में शादी का झांसा देकर अनाचार करने वाले 27 वर्षीय सहायक पोस्ट मास्टर को तुमला पुलिस ने गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया है। मामला थाना तुमला क्षेत्र का है।
पुलिस के जानकारी के मुताबिक आरोपी सौरभ कुमार, मूलत बिहार का निवासी, वर्तमान में जशपुर जिले के एक डाकघर में सहायक पोस्ट मास्टर के पद पर कार्यरत है। वर्ष 2024 में उसकी पहचान एक 35 वर्षीय सब इंजीनियर युवती से हुई थी। उस समय युवती छत्तीसगढ़ के एक जिले में जनपद पंचायत में तकनीकी सहायक (Technical Assistant) के पद पर कार्यरत थी। 14 जनवरी 2025 को जब पीड़ित युवती छुट्टी में अपने गृह ग्राम (तुमला क्षेत्र) आई हुई थी, तब सौरभ कुमार उसे अपने किराए के घर ले गया और शादी का झांसा देकर उसके साथ अनाचार किया। इसके बाद जून 2025 तक जब-जब युवती छुट्टी पर आती, आरोपी शादी का वादा कर उसके साथ शारीरिक संबंध बनाता रहा।
नौकरी छोड़ने की शर्त, फिर शादी से इंकार
जब युवती ने शादी की बात आगे बढ़ाई, तो आरोपी ने तकनीकी सहायक की नौकरी छोड़ने की शर्त रखी। भरोसा कर पीड़ित युवती ने नौकरी छोड़ भी दी। इसके बाद कुछ समय तक आरोपी युवती को अपने साथ रखता रहा, लेकिन बाद में शादी करने से साफ इनकार कर दिया।
युवती ने बताया कि आरोपी द्वारा उसके साथ गाली-गलौज व मानसिक प्रताड़ना भी की जाती थी।
महिला ने थाने में दर्ज कराई एफआईआर
महिला संबंधी अपराध को गंभीरता से लेते हुए थाना तुमला में पीड़िता की रिपोर्ट पर आरोपी के खिलाफ बीएनएस की धारा 64(2)(M) के तहत अपराध पंजीबद्ध किया गया।
पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए आरोपी सौरभ कुमार को हिरासत में लिया। पूछताछ में उसने अपराध स्वीकार कर लिया, जिसके बाद उसे विधिवत गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया।
इनका रहा योगदान
गिरफ्तारी कार्रवाई में थाना प्रभारी तुमला निरीक्षक कोमल सिंह नेताम, आरक्षक बसंत खुटिया, सोनू सिंह, हीरालाल यादव तथा महिला आरक्षक बीरजिनिया टोप्पो की महत्वपूर्ण भूमिका रही।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक शशि मोहन सिंह ने कहा जशपुर पुलिस महिलाओं से संबंधित अपराधों को लेकर अत्यंत संवेदनशील है। शादी का झांसा देकर दुष्कर्म करने वाले आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेजा गया है। ऐसे अपराधों में संलिप्त किसी को भी बख्शा नहीं जाएगा।

