
वीरेन्द्र साहू, रायपुर।गुण्डरदेही विकासखंड के शासकीय प्राथमिक शाला चैनगंज में एक विशेष कार्यक्रम आयोजित किया गया। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जन्मदिन को भारतीय जनता पार्टी सेवा पखवाड़ा के रूप में मना रही है। इसी कड़ी में भाजपा पर्यावरण प्रकोष्ठ के जिला संयोजक सतीश महोबिया के नेतृत्व में बच्चों के बीच गणवेश वितरण किया गया।
विद्यालय के छात्र-छात्राओं को नए गणवेश पाकर खुशी का ठिकाना नहीं रहा। बच्चों के चेहरों पर उत्साह और आनंद झलक रहा था। गणवेश वितरण के साथ ही सभी बच्चों को न्योता भोज कराया गया, जिसमें बच्चों ने बड़े ही उत्साह से शामिल होकर भोजन ग्रहण किया। बच्चों ने इस अवसर को यादगार बताते हुए अतिथियों का आभार भी व्यक्त किया।
कार्यक्रम में शिक्षा के साथ पर्यावरण संरक्षण का संदेश भी दिया गया। विद्यालय परिसर में वृक्षारोपण कर बच्चों को हरियाली और स्वच्छता का महत्व बताया गया। इस अवसर पर भाजपा नेताओं ने कहा कि वृक्ष हमारे जीवन का आधार हैं और हर व्यक्ति को वृक्ष लगाने व उनकी देखभाल करने की जिम्मेदारी निभानी चाहिए।
इस कार्यक्रम में नगर पंचायत अध्यक्ष प्रमोद जैन, मुख्य नगर पालिका अधिकारी श्रीमती किरण पटेल, पार्षद व महामंत्री श्रीमती शैलू महोबिया, मुकेश साहू सहित शाला के शिक्षकगण उपस्थित रहे। अतिथियों ने बच्चों को उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं दीं और शिक्षा के महत्व पर जोर दिया।
सतीश महोबिया ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जन्मदिन पर सेवा, संस्कार और समर्पण का भाव बच्चों तक पहुंचाना ही इस कार्यक्रम का उद्देश्य है। भाजपा सेवा पखवाड़ा के माध्यम से शिक्षा, स्वास्थ्य, पर्यावरण और स्वच्छता को लेकर कई कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं।
विद्यालय परिवार ने इस आयोजन के लिए भाजपा नेताओं और अतिथियों का आभार जताया। इस तरह प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जन्मदिन का यह कार्यक्रम बच्चों के जीवन में खुशियां और प्रेरणा दोनों लेकर आया।

