बलरामपुर में पुलिस स्मृति दिवस पर शहीदों को दी गई श्रद्धांजलि

कलेक्टर , एस पी ने शहीद परिजनों को शाल एवं श्रीफल भेंट कर किया सम्मानित

बलरामपुर । जिला बलरामपुर-रामानुजगंज अंतर्गत रक्षित केंद्र बलरामपुर में आज दिनांक 21 अक्टूबर 2025, दिन मंगलवार को पुलिस स्मृति दिवस के अवसर पर परेड का आयोजन किया गया। इस अवसर पर इकाई अंतर्गत निवासरत शहीद पुलिस कर्मियों के परिजनों को विशेष रूप से आमंत्रित किया गया था।

कार्यक्रम में जिला कलेक्टर राजेन्द्र कुमार कटारा (भा.प्र.से.), पुलिस अधीक्षक वैभव बैंकर (भा.पु.से.), अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक विश्व दीपक त्रिपाठी, समस्त पुलिस अनुविभागीय अधिकारी, मुख्यालय के अधिकारी-कर्मचारी, प्रशासनिक अधिकारीगण तथा प्रिंट एवं इलेक्ट्रॉनिक मीडिया के प्रतिनिधिगण उपस्थित रहे।

कार्यक्रम का शुभारंभ परेड कमांडर विमलेश कुमार देवांगन, रक्षित निरीक्षक बलरामपुर द्वारा पुलिस अधीक्षक को सलामी देकर किया गया। तत्पश्चात पुलिस अधीक्षक द्वारा 1 सितंबर 2024 से 31 अगस्त 2025 तक देशभर में कर्तव्य की वेदी पर शहीद हुए सुरक्षाकर्मियों के नामों का वाचन किया गया। इसके उपरांत शहीद स्मारक में सम्मान सूची का संस्थापन कर शहीदों को सलामी दी गई।

इस अवसर पर उपस्थित सभी अधिकारी-कर्मचारी, गणमान्य नागरिक एवं शहीद परिजनों द्वारा शहीद स्मारक पर पुष्पांजलि अर्पित की गई। कलेक्टर एवं पुलिस अधीक्षक द्वारा शहीद परिजनों को शाल एवं श्रीफल भेंट कर सम्मानित किया गया।

कार्यक्रम के अंतर्गत परेड कमांडर द्वारा शहीद स्मारक के दाएं-बाएं से धीरे चाल में मार्च पास्ट किया गया। तत्पश्चात कलेक्टर एवं पुलिस अधीक्षक ने उपस्थित शहीद परिजनों की समस्याओं को गंभीरता से सुनकर शीघ्र समाधान का आश्वासन दिया।

कार्यक्रम के समापन पर शहीद परिजनों को ससम्मान उनके निवास स्थान तक पहुंचाने की व्यवस्था की गई।

Back To Top