शासकीय कार्य में बाधा व कर्मचारियों पर हमला
बलरामपुर।बालक छात्रावास रामचंद्रपुर की शासकीय भूमि से अवैध अतिक्रमण हटाने के दौरान राजस्व अमले व पुलिस टीम पर हमला करने वाले 15 आरोपियों को पुलिस ने गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है। आरोपियों ने धक्का-मुक्की, गाली-गलौज कर लाठी-डंडों से हमला किया और शासकीय कार्य में बाधा पहुंचाते हुए करीब दो घंटे तक अधिकारियों को घेरकर रखा तथा सड़क जाम कर दी थी।
थाना रामचंद्रपुर में अपराध क्रमांक 54/2025 के तहत धारा 296, 351(3), 191(1), 221, 132 बीएनएस के तहत मामला दर्ज किया गया था। तहसीलदार रामचंद्रपुर अश्वनी चंद्रा की लिखित शिकायत के अनुसार 9 दिसंबर 2025 को एसडीएम राजस्व के आदेश पर तहसीलदार, नायब तहसीलदार, पटवारी एवं अन्य राजस्व कर्मचारियों की टीम पुलिस बल के साथ बालक छात्रावास की भूमि से अवैध कब्जा हटाने पहुंची थी। इसी दौरान आरोपियों ने टीम के साथ मारपीट व अभद्रता कर कार्रवाई में बाधा डाली।
घटना के बाद आरोपी फरार हो गए थे और पुलिस जांच में सहयोग नहीं कर रहे थे। मुखबिर से मिली सूचना के आधार पर रामचंद्रपुर पुलिस ने कार्रवाई करते हुए 9 फरवरी 2026 को सभी 15 आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ व साक्ष्य संकलन के बाद उन्हें न्यायिक रिमांड पर न्यायालय में पेश किया गया, जहां से जेल भेज दिया गया है।
गिरफ्तार आरोपी
सबर हुसैन (45), जमरूददीन अंसारी (42), गददा हुसैन (24), फिदा हुसैन (38), शमसेर अंसारी (22), मोनिश रजा (19), इनताज अली (34), मुजाहिद हुसैन (30), अरशद एजाज (34), गुलाम यजदानी (25), शेरू मंसूरी (24), मकसूद आलम (26), मोसब्बर अंसारी (37), आलम अंसारी (55) व इंतखाब अंसारी (32) शामिल हैं।
पुलिस ने बताया कि शासकीय कार्य में बाधा डालने व शासकीय कर्मचारियों पर हमला करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।

