बिलासपुर में बड़ा ट्रेन हादसा ,तीन की मौत,15 घायल


मालगाड़ी से टकराई लोकल ट्रेन –
घटना नो चौकसे कॉलेज के पास – गेवरा रोड-रायपुर रूट पर अफरातफरी मची हुई है।

बिलासपुर। मंगलवार शाम बिलासपुर रेल मंडल के लाल खदान क्षेत्र नो चौकसे कॉलेज के पास बड़ा रेल हादसा हो गया। बताया जा रहा है कि गेवरा रोड–रायपुर रेलमार्ग पर एक ही ट्रैक पर खड़ी मालगाड़ी से लोकल मेमू ट्रेन जा टकराई, जिससे मौके पर अफरातफरी मच गई। हादसे में कई यात्रियों की मौत की आशंका जताई जा रही है, जबकि 15 से अधिक लोग घायल बताए जा रहे हैं।

प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, मेमू लोकल ट्रेन कोरबा से रायपुर की ओर जा रही थी। उसी ट्रैक पर पहले से एक मालगाड़ी खड़ी थी। तेज रफ्तार में चल रही ट्रेन चालक के नियंत्रण से बाहर हो गई और जोरदार टक्कर हो गई। टक्कर इतनी भीषण थी कि पहली दो बोगियां पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गईं। आसपास के लोगों ने बताया कि हादसे के बाद यात्रियों की चीख-पुकार से पूरा इलाका दहल उठा।

सूचना मिलते ही रेलवे प्रशासन, पुलिस और जिला प्रशासन की टीमें मौके पर पहुंचीं। गैस कटर और क्रेन की मदद से बोगियों में फंसे यात्रियों को निकालने का काम जारी है। बचाव दल देर रात तक राहत कार्य में जुटा रहा।

रेलवे अधिकारियों ने बताया कि प्राथमिक जांच में हादसे का कारण एक ही ट्रैक पर दो ट्रेनों की मौजूदगी प्रतीत हो रहा है। सिग्नलिंग सिस्टम की त्रुटि या मानवीय गलती की भी संभावना जताई जा रही है। जांच के लिए उच्च स्तरीय समिति गठित कर दी गई है।

इस हादसे के चलते गेवरा रोड–रायपुर रेलमार्ग पर ट्रेनों की आवाजाही पूरी तरह ठप हो गई है। कई ट्रेनों को रास्ते में रोक दिया गया है और यात्रियों को असुविधा से बचाने के लिए वैकल्पिक इंतज़ाम किए जा रहे हैं।

घटना स्थल पर अभी भी राहत और बचाव कार्य जारी है। मृतकों की सटीक संख्या का अभी तक पता नहीं चल सका है।

Back To Top