बिलासपुर। छत्तीसगढ़ के बिलासपुर जिले में नाबालिग छात्रा के साथ छेड़छाड़ का गंभीर मामला सामने आया है। सरकंडा थाना क्षेत्र स्थित एक गर्ल्स हॉस्टल में 63 वर्षीय संचालक ने छात्रा के कमरे में घुसकर गंदी हरकत करने की कोशिश की। घटना के वक्त छात्रा गहरी नींद में थी, लेकिन नींद खुलते ही उसने साहस दिखाया और आरोपी के हाथ पर दांत काटकर खुद को बचाया। शोर मचाने पर आरोपी मौके से भाग निकला, हालांकि पुलिस ने उसे कुछ ही घंटों में गिरफ्तार कर लिया।
दरवाजा खुला देखकर कमरे में घुसा
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, लिंगियाडीह क्षेत्र में स्थित श्योर जिंदगी गर्ल्स हॉस्टल में 16 वर्षीय लड़की किराए से रहती है। वह पास ही भारत टेंट हाउस में सिलाई का काम करती है। 22 सितंबर की रात करीब 9 बजे वह काम से लौटकर हॉस्टल पहुंची। उसने हॉस्टल मालिक गुरमीत सिंह को किराया चुकाया और खाना खाने के बाद अपने कमरे में सो गई। थकान की वजह से छात्रा दरवाजा बंद करना भूल गई।
सुबह करीब 5 बजे मौका पाकर गुरमीत सिंह कमरे में घुस गया। छात्रा उस समय गहरी नींद में थी। पुलिस के मुताबिक, आरोपी ने उसके कपड़े उतारने की कोशिश की और जबरदस्ती करने लगा। तभी अचानक छात्रा की नींद खुल गई और उसने विरोध किया। आरोपी की हरकतों से घबराई लड़की ने तुरंत उसके हाथ पर दांत काट लिए और शोर मचाने लगी।
छात्रा की बहादुरी, पुलिस की त्वरित कार्रवाई
लड़की की चीख-पुकार सुनकर घबराया संचालक कमरे से भाग निकला। छात्रा ने बिना देर किए हॉस्टल छोड़कर सीधे सरकंडा थाने पहुंचकर पूरी घटना बताई। उसकी शिकायत पर पुलिस ने पॉक्सो एक्ट और छेड़छाड़ की धाराओं के तहत मामला दर्ज किया। इसके बाद पुलिस टीम ने अंबे रेजिडेंसी स्थित आरोपी के घर में दबिश दी और उसे गिरफ्तार कर लिया।
सरकंडा थाना प्रभारी निलेश पांडेय ने बताया कि पीड़िता की सुरक्षा सुनिश्चित की गई है और उसे परामर्श (काउंसलिंग) भी उपलब्ध कराई जा रही है। आरोपी को न्यायालय में पेश कर रिमांड पर भेजा गया है।
समाज में आक्रोश
घटना के बाद क्षेत्र में आक्रोश का माहौल है। लोगों का कहना है कि हॉस्टल जैसे स्थान, जहां लड़कियों को सुरक्षा की गारंटी मिलनी चाहिए, वहीं ऐसे मामलों का होना बेहद चिंताजनक है। स्थानीय महिलाओं ने प्रशासन से मांग की है कि हॉस्टलों की नियमित जांच की जाए और छात्राओं की सुरक्षा के लिए सख्त प्रावधान किए जाएं।

