बुल्स ग्लोबल सॉल्यूशन” कंपनी कृषि प्रोडक्ट निवेश के नाम पर की लाखों-करोड़ों ठगी

पत्थलगांव में 6 करोड़ की ठगी का भंडाफोड़, दो गिरफ्तार

जशपुर नगर। जशपुर पुलिस ने एक बड़े ठगी कांड का खुलासा करते हुए दो ठगों को गिरफ्तार किया है, जिन्होंने पत्थलगांव क्षेत्र के ग्रामीणों से लगभग 6 करोड़ रुपये की ठगी की थी। पुलिस ने मामले में कार्रवाई करते हुए आरोपियों हरिशरण देवांगन (52 वर्ष), निवासी ग्राम जैजैपुर, जिला शक्ति और संतोष कुमार साहू (46 वर्ष), निवासी ग्राम मुदुपर, जिला जांजगीर-चांपा को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया है।

मामला थाना पत्थलगांव क्षेत्रांतर्गत मदनपुर इंजिको निवासी जागेश्वर लाल यादव की रिपोर्ट पर दर्ज किया गया था। शिकायतकर्ता ने बताया कि वर्ष 2023 में “सी बुल्स ग्लोबल सॉल्यूशन” नामक कंपनी के माध्यम से कृषि प्रोडक्ट और निवेश के नाम पर लाखों-करोड़ों रुपये का निवेश कराया गया। कंपनी के प्रतिनिधि संतोष कुमार साव ने ग्रामीणों को प्रति माह ब्याज और अधिक मुनाफे का झांसा दिया। शुरुआत में कुछ महीनों तक ब्याज राशि दी गई, परंतु बाद में भुगतान बंद कर दिया गया और कंपनी संचालक फरार हो गए।

जशपुर के वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक शशि मोहन सिंह के निर्देश पर थाना पत्थलगांव की टीम ने तत्काल कार्रवाई करते हुए जांजगीर-चांपा और शक्ति जिले में दबिश दी और दोनों मुख्य आरोपियों को गिरफ्तार किया। जांच में सामने आया कि ठगों ने ग्रामीणों को प्रति दिन 1 प्रतिशत ब्याज देने का लालच देकर निवेश कराया था। यानी 10 हजार रुपये लगाने पर रोज 100 रुपये मिलने का दावा किया जाता था, जिससे सालभर में रकम तीन गुना से अधिक होने की बात कही जाती थी। जब नए निवेशक जुड़ना बंद हो गए, तो ठगों ने वेबसाइट बंद कर दी और रकम हड़प ली।

पुलिस ने जांच में पाया कि कंपनी निवेशकों के पैसे को ही ब्याज के रूप में अन्य निवेशकों को लौटाती थी। यह फर्जी निवेश चेन स्कीम (Ponzi Scheme) का मामला था। वरिष्ठ अधिकारियों के मार्गदर्शन में एसडीओपी पत्थलगांव धुर्वेश जायसवाल, थाना प्रभारी विनीत कुमार पांडे, उप निरीक्षक संतोष तिवारी, आरक्षक आशीषन टोप्पो, राजेंद्र रात्रे और कमलेश्वर वर्मा की टीम ने ठगों को गिरफ्तार कर जेल भेजा।

एसएसपी शशि मोहन सिंह ने बताया कि ठगी में शामिल अन्य आरोपियों की पहचान कर ली गई है। पुलिस टीम लगातार उनकी तलाश कर रही है और जल्द ही उन्हें भी गिरफ्तार किया जाएगा।
उन्होंने कहा कि आम जनता से अपील है कि किसी भी निवेश योजना में बिना सत्यापन के धन न लगाएं और किसी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तत्काल पुलिस को दें।

Back To Top