हनुमंत कथा 25 से 29 दिसंबर तक
रायपुर। इस्पात नगरी भिलाई में पहली बार पंडित धीरेंद्र कृष्ण शास्त्री के दिव्य आगमन की साक्षी बनने जा रही है। 25 से 29 दिसंबर 2025 तक जयंती स्टेडियम के समीप ग्राउंड, भिलाई में दिव्य श्री हनुमंत कथा का भव्य आयोजन किया जाएगा। कथा का वाचन प्रतिदिन दोपहर 2 बजे से शाम 6 बजे तक होगा।
इस संबंध में श्री हनुमंत कथा के आयोजक एवं छत्तीसगढ़ खादी एवं ग्रामोद्योग आयोग के अध्यक्ष (कैबिनेट मंत्री दर्जा प्राप्त) राकेश पाण्डेय ने एक निजी होटल में आयोजित प्रेस वार्ता को संबोधित करते हुए बताया कि कथा के अंतर्गत 27 दिसंबर को विशेष दिव्य दरबार का आयोजन किया जाएगा, जिसमें पंडित धीरेंद्र कृष्ण शास्त्री श्रद्धालुओं की पर्ची निकालकर उनकी समस्याओं के समाधान हेतु मार्गदर्शन प्रदान करेंगे।
श्री पाण्डेय ने बताया कि सेवा समर्पण समिति, दुर्ग द्वारा आयोजित इस भव्य धार्मिक आयोजन की तैयारियाँ युद्ध स्तर पर जारी हैं। आयोजन समिति के अध्यक्ष पंडित वीरेन्द्र प्रसाद शुक्ला सहित अन्य जनप्रतिनिधि एवं समाजसेवी आयोजन की सभी आवश्यक व्यवस्थाओं को अंतिम रूप देने में जुटे हुए हैं। उन्होंने बताया कि विशाल डोमशेड का निर्माण लगभग 80 प्रतिशत पूर्ण हो चुका है।
प्रदेशभर से श्रद्धालुओं के जुटने की संभावना
इस आयोजन में दुर्ग-भिलाई-रायपुर सहित पूरे छत्तीसगढ़ एवं देश के विभिन्न हिस्सों से हजारों श्रद्धालुओं के पहुंचने की संभावना जताई गई है। श्रद्धालुओं की बैठक व्यवस्था के लिए लगभग आधा किलोमीटर तक विशाल पंडाल तैयार किया जाएगा, जहां श्रद्धालु बैठकर कथा का रसपान करेंगे।
आयोजन समिति ने बताया कि श्रद्धालुओं की सुविधा को ध्यान में रखते हुए व्यापक, सुव्यवस्थित एवं सुरक्षित व्यवस्थाएं की जा रही हैं। आयोजन स्थल भीड़-भाड़ वाले क्षेत्र से बाहर रखा गया है, जिससे आवागमन में किसी प्रकार की असुविधा न हो।
ठंड के मौसम को देखते हुए अलाव की व्यवस्था की जाएगी। वहीं, स्वास्थ्य सुरक्षा के लिए 5 अस्पतालों के सहयोग से चिकित्सा सेवाएं कार्यक्रम स्थल पर उपलब्ध रहेंगी।
दस हजार से अधिक लोगों के लिए भोजन व्यवस्था
अधिक से अधिक श्रद्धालुओं की सहभागिता सुनिश्चित करने हेतु भव्य डोमशेड, सुव्यवस्थित वाहन पार्किंग, सुचारु आवागमन की व्यवस्था की जाएगी।
इसके साथ ही प्रतिदिन हजारों श्रद्धालुओं के लिए निःशुल्क भोजन, पेयजल एवं पर्याप्त शौचालय व्यवस्था, सुरक्षा की दृष्टि से पूरे परिसर में बेरीकेटिंग की जाएगी। कथास्थल के समीप स्थानीय व्यवसायियों को रियायती दरों पर स्टॉल आवंटित किए जाएंगे, जहाँ खाद्य सामग्री एवं धार्मिक वस्तुएँ उपलब्ध रहेंगी। समिति यह भी सुनिश्चित करेगी कि किसी भी श्रद्धालु से बाजार दर से अधिक राशि न ली जाए।
20 एकड़ में रहेगी व्यवस्था
आयोजकों ने बताया कि दिव्य श्री हनुमंत कथा वाचन कार्यक्रम के लिए कुल 100 एकड़ भूमि उपलब्ध कराई गई है। इनमें से 20 एकड़ क्षेत्र में कथा वाचन स्थल, श्रद्धालुओं की बैठक व्यवस्था एवं पार्किंग की समुचित व्यवस्था की जाएगी। श्रद्धालुओं की सुविधा को ध्यान में रखते हुए पर्याप्त संख्या में शौचालय एवं वॉशरूम की व्यवस्था की जा रही है। इनकी नियमित सफाई एवं स्वच्छता बनाए रखने की जिम्मेदारी स्वयंसेवकों द्वारा निभाई जाएगी।
दिव्य श्री हनुमंत कथा में VIP व्यवस्था नहीं
आयोजकों ने स्पष्ट किया कि दिव्य श्री हनुमंत कथा कार्यक्रम में VIP संस्कृति नहीं रहेगी। हालांकि, सुविधा के नाम पर पास की व्यवस्था की जाएगी, जिसके आधार पर बैठक व्यवस्था निर्धारित होगी।
यह पास विशेष व्यक्तियों एवं आयोजन से जुड़े अतिथियों को सुविधा की दृष्टि से उपलब्ध कराए जाएंगे, ताकि कार्यक्रम का संचालन सुव्यवस्थित एवं अनुशासित ढंग से किया जा सके।

