
जशपुर। थाना कांसाबेल क्षेत्र के ग्राम अग्बाधार, सरनाटोली में मामूली विवाद के चलते वृद्ध दंपति ने अपने ही सौतेले भाई पर लाठी से हमला कर दिया। सिर पर गंभीर चोट लगने से घायल की इलाज के दौरान मौत हो गई।
पुलिस ने आरोपी दंपति बुटुलराम (73 वर्ष) और उसकी पत्नी सुखमति बाई (67 वर्ष) को गिरफ्तार कर हत्या के आरोप में बीएनएस की धारा 103(1)(3)(5) के तहत मामला दर्ज कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया।
घटना 12 अगस्त को हुई थी, जब मृतक पूषा राम (72 वर्ष) ने आरोपी के बेटे को शराब पीने के लिए बुलाया। इस बात से नाराज होकर आरोपी दंपति ने लाठी से हमला कर दिया। इलाज के दौरान 14 अगस्त को पूषा राम की मौत हो गई।
पुलिस ने घटना में प्रयुक्त बांस का डंडा और आरोपियों के कपड़े जप्त कर लिए हैं।
इस कार्रवाई में थाना प्रभारी सुनील कुमार सिंह सहित पुलिस टीम की अहम भूमिका रही। अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक अनिल कुमार सोनी ने बताया कि पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपियों को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है।

