मुख्यमंत्री साय ने नवीन आपराधिक कानून प्रदर्शनी का किया अवलोकन

एसएसपी शशि मोहन सिंह के प्रयासों की सराहना

जशपुर। छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय आज ग्राम नारायणपुर के दौरे पर रहे, जहाँ वे जशपुर पुलिस द्वारा लगाए गए नवीन आपराधिक कानूनों पर आधारित जनजागरूकता स्टॉल का अवलोकन करने पहुँचे। मुख्यमंत्री ने स्टॉल की सामग्री, प्रस्तुतीकरण और जागरूकता मॉडल की खुलकर प्रशंसा करते हुए कहा कि यह पहल आम जनता को नए कानूनों की जानकारी सरल भाषा में पहुँचाने का प्रभावी माध्यम है। ऐसी प्रदर्शनी पुलिस और जनता के बीच विश्वास बढ़ाती है।”

ग्राम नारायणपुर में लगा जागरूकता स्टॉल

जशपुर पुलिस ने कार्यक्रम स्थल पर आधुनिक तकनीक आधारित एक जानकारीपूर्ण स्टॉल लगाया है, जिसमें नए आपराधिक कानूनों की प्रमुख विशेषताओं को पोस्टर, मॉडल, डिजिटल प्रस्तुति और प्रदर्शन सामग्री के माध्यम से सरल तरीके से समझाया जा रहा है। स्टॉल कार्यक्रम में आए लोगों के लिए आकर्षण का केंद्र बना रहा।

न्याय व्यवस्था

नए कानूनों—भारतीय न्याय संहिता (Bharatiya Nyaya Sanhita), भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता (Bharatiya Nagarik Suraksha Sanhita) और भारतीय साक्ष्य अधिनियम (Bharatiya Sakshya Adhiniyam)—के लागू होने के साथ औपनिवेशिक आपराधिक कानून समाप्त हो गए हैं। इन नए
प्रावधानों में पीड़ित केंद्रित न्याय व्यवस्था,अपराधियों के विरुद्ध कठोर दंड,समयबद्ध न्याय प्रक्रिया,ई-एफआईआर से लेकर न्याय तक तय समय सीमा का विस्तृत और सरल प्रावधान शामिल है।

फिंगरप्रिंट, DNA और वॉइस सैंपल

नए कानून में आधुनिक वैज्ञानिक साक्ष्यों का महत्व बढ़ा है। फिंगरप्रिंट, DNA परीक्षण, वॉइस सैंपल और तकनीकी जांच अब न्याय प्रणाली में प्रमुख भूमिका निभा रहे हैं, जिससे अपराध जांच तेज, सटीक और निष्पक्ष हुई है।
ये बदलाव भारतीय न्याय प्रणाली को अधिक पारदर्शी, तकनीकी रूप से मजबूत और न्यायोन्मुख बनाते हैं। अब कानून का उद्देश्य केवल “दंड” नहीं बल्कि “न्याय सुनिश्चित करना” है। कार्यक्रम में उपस्थित नागरिक बड़ी संख्या में स्टॉल पर पहुँचे और पुलिस अधिकारियों से नए कानूनों के बारे में अपने प्रश्न पूछे। अधिकारियों ने उन्हें सहज और सरल भाषा में जानकारी दी।

एसएसपी शशि मोहन सिंह ने दी जानकारी

जशपुर पुलिस के वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक शशि मोहन सिंह ने बताया “लोग नए कानूनों को समझने में गहरी रुचि दिखा रहे हैं। हमने पोस्टर, मॉडल और डिजिटल माध्यम का उपयोग कर कानूनों में हुए बदलावों को रोचक और सरल तरीके से प्रस्तुत किया है। इससे लोगों में जागरूकता और समझ दोनों बढ़ रही है।”

हेल्पलाइन नंबर

स्टॉल में पुलिस आपातकालीन सेवाओं, महिला सुरक्षा, साइबर हेल्पलाइन और अन्य महत्वपूर्ण संपर्क नंबरों की जानकारी भी दी गई है, जिससे लोग तुरंत मदद प्राप्त कर सकें।

,

Back To Top