जशपुर। चौकी पंडरापाठ क्षेत्र के ग्राम भड़िया (डूमर पारा) में पानी रोकने के लिए बनाए गए मेड़ में गिरने से उपजे विवाद ने खून-खराबे का रूप ले लिया। आरोपी दिलसाय नागेश (26) ने अपने पड़ोसी शंकर राम (52) की रात्रि में सोते समय टांगी से वार कर हत्या कर दी।
पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर हत्या में प्रयुक्त टांगी भी जब्त कर ली है। मामले में बीएनएस की धारा 103(1) व 238 के तहत अपराध दर्ज किया गया है।
पुलिस के जानकारी के मुताबिक 9 अगस्त को मृतक शंकर राम अपने रिश्तेदार के घर से लौटते समय आरोपी के घर के पीछे मेड़ में टकराकर गिर गए। इस बात को लेकर दोनों में विवाद और मारपीट हुई। परिजन बीच-बचाव कर शंकर राम को घर ले आए। रात 10 बजे वे घर के बाहर परछी में सोए थे।
सुबह परिवार ने देखा कि वे खून से लथपथ मृत पड़े हैं। पुलिस जांच में सामने आया कि आरोपी रात में टांगी लेकर आया और सिर व चेहरे पर कई वार किए। मौके पर ही उनकी मौत हो गई।
आरोपी को न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया है।
मामले की कार्यवाही में चौकी प्रभारी उपनिरीक्षक सतीश सोनवानी, एएसआई राज कुमार चौहान, प्रधान आरक्षक राकेश कुजूर, आरक्षक अरुण राम व बिल्ल्यूस लकड़ा की अहम भूमिका रही।

