जशपुर। शादी का झांसा देकर 20 वर्षीय युवती से अनाचार करने और गर्भवती होने के बाद शादी से इंकार करने वाले आरोपी को बगीचा पुलिस ने गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है। मामला बगीचा थाना क्षेत्र का है। आरोपी की पहचान वीरेंद्र विश्वकर्मा (21 वर्ष) के रूप में हुई है। उसके खिलाफ बीएनएस की धारा 69 के तहत अपराध दर्ज किया गया है।
पीड़िता ने थाना धर्मजयगढ़ (जिला रायगढ़) में रिपोर्ट दर्ज कराई थी कि 24 मई 2025 को वह बगीचा क्षेत्र में एक शादी कार्यक्रम में आई थी, जहां उसकी मुलाकात आरोपी से हुई। आरोपी ने शादी का लालच देकर उसके साथ 7 दिनों तक अनाचार किया। इस दौरान पीड़िता 4 से 5 महीने की गर्भवती हो गई। जब उसने शादी की मांग की तो आरोपी ने साफ इंकार कर दिया।
मामला शून्य पर अपराध दर्ज कर घटना स्थल होने के कारण केस को थाना बगीचा स्थानांतरित किया गया, जहां अपराध क्रमांक 233/2025 दर्ज किया गया। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी को सरगुजा क्षेत्र से हिरासत में लिया। पूछताछ में अपराध स्वीकारने और साक्ष्य मिलने पर उसे न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया।
गिरफ्तारी की कार्रवाई में थाना प्रभारी बगीचा निरीक्षक गौरव कुमार पांडे और उनकी टीम की महत्वपूर्ण भूमिका रही। जशपुर एसएसपी शशि मोहन सिंह ने कहा कि महिलाओं और बच्चों से संबंधित अपराधों पर पुलिस की निगरानी कड़ी है और ऐसे मामलों में किसी तरह की ढील नहीं दी जाएगी।

