रायडीह में बैल चोरी का पर्दाफाश, ग्रामीणों ने चोर को रंगे हाथ पकड़ा


रायडीह। दिनांक 15 अप्रैल 2026, बुधवार की रात लगभग 10:30 बजे ग्राम सुवोकोली, ग्राम पंचायत रायडीह में बैल चोरी का एक मामला सामने आया, जिसमें ग्रामीणों की सतर्कता से आरोपी को रंगे हाथ पकड़ लिया गया।
जानकारी के अनुसार, ग्राम रामडीह निवासी गंगाधर यादव (उम्र 38 वर्ष, पिता बुधू यादव) बैलों को चोरी कर ले जाते समय ग्रामीणों के हत्थे चढ़ गया। बताया जा रहा है कि आरोपी विभिन्न गांवों से बैलों की चोरी कर उन्हें बेचने की फिराक में था।
पीड़ितों में पारसनाथ यादव (पिता स्व. विक्रम यादव) के 11 बैल, मनोज एक्का (पिता देवनिश एक्का) के 5 बैल तथा जगमोहन राम (पिता स्व. दोंदा राम) का 1 बैल शामिल है। आरोपी इन बैलों को गोशाला और घरों से चोरी कर ले गया था।
ग्रामीणों ने एकजुट होकर आरोपी को पकड़ लिया और इसकी सूचना तुरंत दुलदुला पुलिस थाना को दी। ग्राम पंचायत रायडीह के उपसरपंच द्वारा पुलिस को सूचना देने के बाद आरोपी गंगाधर यादव को सुरक्षा के लिए पुलिस के हवाले कर दिया गया।
बताया जा रहा है कि आरोपी के खिलाफ पूर्व में भी चोरी के मामले दर्ज हैं। लगभग दो माह पहले भी उसके खिलाफ मामला दर्ज हुआ था और पुलिस द्वारा कार्रवाई कर कुछ बैल बरामद किए गए थे, लेकिन इसके बावजूद आरोपी अपनी हरकतों से बाज नहीं आ रहा था।
फिलहाल पुलिस मामले की जांच कर रही है और आरोपी के खिलाफ सख्त कार्रवाई की तैयारी की जा रही है। ग्रामीणों की सजगता से एक बड़े बैल चोरी गिरोह का खुलासा होने की संभावना जताई जा रही है।

Back To Top