सीसीटीवी फुटेज दुर्ग पुलिस को सौंपा, आरक्षक निलंबित
रायपुर। दुर्ग के कारोबारी ने रायपुर क्राइम ब्रांच के पांच पुलिसकर्मियों पर चेकिंग के दौरान दो लाख रुपये चोरी करने का आरोप लगाया है। कारोबारी मयंक गोस्वामी ने आरोप लगाते हुए कहा सूचना मिलते ही रायपुर क्राइम ब्रांच की टीम संदिग्ध कार का पीछा करती हुई कुम्हारी मार्ग से होते हुए दुर्ग पहुंची। पीछा करने के दौरान वह कार पुलिस को धोखा देकर फरार हो गई। इसके बाद वाहन की तलाश करते हुए क्राइम ब्रांच की टीम पद्मनाभपुर थाना क्षेत्र के विद्युत नगर पहुंची, जहां बाद में विवाद की घटना घटित हुई।
पद्मनाभपुर थाना क्षेत्र के विद्युत नगर में उनका निवास है और धमतरी में बुलेट शोरूम है। 18 अक्टूबर की रात वह अपने घर धमतरी जा रहे थे। इस दौरान क्राइम ब्रांच की टीम उनके विद्युत नगर स्थित घर पहुंची और बिना सूचना दिए कार की तलाशी ली। इस दौरान आरक्षक प्रशांत शुक्ला ने दो लाख रुपये निकाल लिए।
मयंक गोस्वामी ने घटना से जुड़ा सीसीटीवी फुटेज दुर्ग पुलिस को सौंपा है। दुर्ग एसएसपी ने शिकायत रिपोर्ट को रायपुर एसएसपी को भेज दिया, जिसके बाद आरक्षक प्रशांत शुक्ला को निलंबित (लाइन अटैच) कर दिया गया है।
रायपुर पुलिस ने पूरे मामले की जांच शुरू कर दी है। इस घटना के उजागर होते ही पुलिस विभाग में हड़कंप मच गया है।

